हल्द्वानी: जमीन न मिलने से गौलापार में लटका बिजलीघर का निर्माण
5 करोड़ रुपये की लागत से बनना है सबस्टेशन
गौलापार के लोगों को मिलती लो वोल्टेज व बिजली की समस्या से निजात
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौलापार में 33 केवीए का बिजलीघर उपकेंद्र का निर्माण किया जाना था। लेकिन ऊर्जा निगम को गौलापार में जमीन न मिलने के कारण बिजलीघर का निर्माण लटका हुआ है। बिजलीघर बनने से गौलापार में बिजली व लो वोल्टेज की समस्या से लोगों को निजात मिल पाती।
गौलापार में एक भी बिजलीघर का सबस्टेशन न होने के चलते आए दिन लोग बिजली की समस्या से जूझते नजर आते हैं। इसी क्रम में ऊर्जा निगम ने गौलापार में बिजलीघर निर्माण की योजना बनाई थी। इसके लिए विभाग ने 2 बीघा जमीन के लिए सर्वे भी शुरू कर दिया था लेकिन जमीन न मिलने के चलते कार्य लटका हुआ है।
वित्तीय वर्ष 2021-22 के तहत 5 करोड़ रुपये की लागत से 33 केवीए सब स्टेशन का निर्माण होना था। गौलापार के ग्रामीण इलाकों में 20 हजार से अधिक की आबादी निवास करती है। ग्रामीण क्षेत्र होने के चलते यहां पर बड़े पैमाने पर लोग खेती से जुड़े हुए हैं।
लेकिन पर्याप्त मात्रा में बिजली की आपूर्ति नहीं होने के चलते नलकूपों का संचालन ठप पड़ा रहता है। इससे किसानों को खेत में पानी लगाने के लिए कड़ी मशक्कत करना पड़ता है। इधर ईई डीडी पांगती ने बताया कि बिजलीघर के निर्माण के लिए भूमि चयनित करने का प्रयास किया जा रहा है। जगह मिलते ही रिपोर्ट तैयार कर शासन से मंजूरी की उम्मीद है।
