बरेली: अब नौनिहालों को मिलेगा बेहतर इलाज, डॉक्टर तैनात
बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल में आखिरकार 20 दिन बच्चों के इलाज के लिए बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती हो गई। विशेषज्ञ ने गुरुवार से मरीज भी देखने शुरू हो गए। अब मरीजों को डिस्चार्ज करने में भी कोई परेशानी नहीं होगी।
भीषण गर्मी में बच्चे डायरिया का शिकार हो रहे हैं। जिला अस्पताल स्थित बच्चा वार्ड लगातार मरीजों से फुल चल रहा है। यहां 22 दिनों से कोई बाल रोग विशेषज्ञ मौजूद नहीं था। यहां तैनात वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ के सेवानिवृत्त होने के बाद बच्चों का इलाज प्रभावित हो रहा था। विभागीय अफसरों के अनुसार अब नवाबगंज सीएचसी पर तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने पहले दिन बच्चों की ओपीडी के साथ ही वार्ड का भी राउंड लिया।
विशेषज्ञ के न होने पर सबसे अधिक दिक्कत स्वस्थ बच्चों के डिस्चार्ज होने की आ रही थी। बुधवार को बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती के बाद वार्ड से 11 डायरिया से स्वस्थ हुए बच्चों को डिस्चार्ज किया गया है। वहीं गुरुवार को वार्ड में 21 बच्चों का इलाज वर्तमान में चल रहा है।
ये भी पढे़ं- बरेली: लक्ष्य निर्धारण पर हुआ अतिथि व्याख्यान, शिक्षक और तमाम विद्यार्थी रहे उपस्थित
