बरेली: 311... नगर निगम के सौ मर्जों की एक दवा
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने या दूरदराज इलाके का टैक्स जमा करने के लिए किससे संपर्क करें, कोई समस्या है तो कहां शिकायत करें या व्यापार के लाइसेंस के लिए किस टेबल पर जाएं जैसे कई उलझन भरे सवाल बृहस्पतिवार को एप बरेली-311 लांच होने के बाद आसान हो गए हैं। इस एप में इन सभी सेवाओं के साथ बरेली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी उपलब्ध कराई गई हैं। इस पर डॉग का रजिस्ट्रेशन भी हो सकेगा।
बरेली-311 को मेयर उमेश गौतम और नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने लांच किया। दावा किया गया कि लखनऊ और इंदौर के बाद बरेली में यह सबसे लेटेस्ट एप है। इस एप को मोबाइल में डाउनलोड करने के बाद लोगों को नगर निगम आकर भटकना नहीं पड़ेगा। बताया गया कि अगर किसी को टैक्स जमा करना है तो उसे एप डाउनलोड करने के बाद सिटीजन सर्विस पर जाना होगा। इसी पेज पर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, ट्रेडिंग लाइसेंस, प्रापर्टी टैक्स के कॉलम भी दिखेंगे। प्रापर्टी टैक्स के कॉलम में जाकर मांगी गई सूचना भरने पर कोई भी टैक्स भर सकेगा। एप में बिजली का बिल जमा करने की भी सुविधा दी गई है। बुकिंग पेज पर लोग ट्रेन, प्लेन और बस का टिकट भी बुक कर सकेंगे।
मेयर ने एप को सुविधाजनक बताते हुए पार्षदों से अपील की कि वे इसे खुद डाउनलोड करने के साथ अपने इलाके के लोगों को भी डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करें। नगर आयुक्त ने कहा कि इस एप को हर दो महीने बाद अपडेट करते रहने की कोशिश की जाएगी ताकि लोगों को इस पर और ज्यादा सुविधाएं मिलती रहें।
एप में फिलहाल ये सुविधाएं
प्लास्टिक बैन हेल्पलाइन: कहीं भी प्रतिबंधित प्लास्टिक का फोटो लेकर टैग करने से नगर निगम की टीम एक्शन लेगी। नाम भी गोपनीय रखा जाएगा।
होम कंपोस्ट : कोई सूखे-गीले कूड़े से खाद बनाना चाहता है तो नगर निगम इसमें उसकी सहायता करेगा।
सीएंडडी मैटेरियल : पुराना घर तुड़वाकर नया बनाने के दौरान निकले मलबे को फिंकवाने के लिए एप पर नाम-पता और लोकेशन डालनी होगी। नगर निगम की टीम मलबा ले जाएगी। इसका शुल्क देना होगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना: आवेदक इधर-उधर भटकने के बजाय एप में नाम-पते के साथ जरूरी औपचारिकताएं पूरी करेंगे तो फार्म सबमिट करेंगे तो वह डूडा को चला जाएगा।
एमआरएफ सेंटर: कोई घर का कबाड़ खरीदने नहीं आ रहा है तो एप पर शहर के विभिन्न इलाकों में खुले एमआरएफ सेंटर से संपर्क करने से समस्या हल हो जाएगी।
बर्तन बैंक रिक्वेस्ट: नगर निगम मलिन बस्तियों में रहने वाले गरीबों को आयोजनों के लिए कम शुल्क पर बर्तन मुहैया कराता है। एप के बर्तन बैंक पेज पर इसके लिए भी आवेदन किया जा सकेगा।
टूरिस्ट प्लेस: शहर में घूमने लायक स्थलों की लंबी लिस्ट उनकी दूरी के साथ एप पर प्रदर्शित है। प्रमुख स्थलों का नक्शा भी उपलब्ध है।
वुमन हेल्पलाइन: किसी महिला को रात या दिन किसी भी समय मदद की जरूरत है तो एप में वुमन हेल्पलाइन पर दबाते ही उसका नंबर पुलिस को चला जाएगा। चाइल्ड हेल्पलाइन और एंबुलेंस के साथ सीवर सफाई कराने के लिए नंबर दिया गया है।
एसओएस अलर्ट: एप में एसओएस सुविधा भी है। कोई अपने परिवार के चार लोगों का नंबर सेव कर सकता है। आपात स्थिति में बटन दबाने भर से उसकी लोकेशन के साथ कॉल पहुंच जाएगी।
ये भी पढे़ं- बरेली: ट्रैफिक पुलिस का कारनामा...घर में खड़ी कार के नंबर पर बिना हेलमेट बाइक का चालान
