संभल: पल्लेदार के परिजनों को तमंचा दिखाकर लूटपाट, अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जगदीशपुरी गांव में विरोध करने पर बदमाशों ने पल्लेदार को पीटा, पुलिस ने साथी पल्लेदार को हिरासत में लिया

चन्दौसी/संभल, अमृत विचार। कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कोकाबास के मझरा जगदीशपुरी में गुरुवार रात बदमाशों ने पल्लेदार के परिजनों को तमंचा दिखाकर घर में लूटपाट की। विरोध करने पर पल्लेदार को डंडों से पीट कर घायल कर दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। पीड़ित के शक जाहिर करने पर पुलिस ने साथी पल्लेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मारपीट व चोरी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
 
जगदीशपुरी गांव निवासी मुन्ना सिंह आढ़त पर पल्लेदार है। बताया गया कि गुरुवार देर रात वह परिवार के साथ घर में सो रहा था। तभी पांच बदमाश दीवार फांद कर घर में घुस आए। एक बदमाश के पास तमंचा था और सभी के हाथों में डंडे थे। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर परिवार को बंधक बना लिया। विरोध करने पर मुन्रा को डंडों से पीटा। इसके बाद बदमाशों ने कमरे के बाहर चारपाई पर दंपति व बच्चों को बैठा दिया। बदमाशों ने कमरे में रखी अलमारी तोड़ कर बेड व संदूक भी खंगाला। अलमारी में रखे 25 हजार रुपये, एक जोड़ी सोने के कुंडल, सोने की अंगूठी, चांदी की पाजेब, चांदी के दो पेन्डिल, बिछुए, चांदी का गुच्छा, मोबाइल समेत करीब डेढ़ लाख का माल लूट लिया। एक घंटा उत्पात मचाने के बाद बदमाश मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर चले गए। 

मुन्ना की पत्नी सोनम ने बताया कि पांच बदमाश घर में घुसे थे। घटना के बाद मुन्ना व उसकी बेटी प्राची ने पडोसी बड़े भाई राजू को उठा कर दरवाजा खुलवाया और घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों की सूचना के बाद डायल 112 व थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल मुन्ना को सीएचसी भिजवाया। 

चिकित्साधिकारी ने हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने बदमाशों को तलाश में जंगल में कॉबिंग की। लेकिन, आरोपी नहीं मिले। शुक्रवार को पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर साथी पल्लेदार पर शक जाहिर किया तो पुलिस ने हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ की। 

सीओ डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि कुछ चोर पल्लेदार के घर में घुस गए और उसके पीट कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घायल का सीएचसी में उपचार कराया गया है। तहरीर के आधार पर एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। 

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : भाई की हत्या कर खुद थाने जाकर किया सरेंडर, बोला- आए दिन करता था नशा, उतार दिया मौत के घाट

संबंधित समाचार