लखनऊ: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का भ्रामक ऑडियो वायरल, निजी सचिव ने दर्ज कराई रिपोर्ट, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/अमृत विचार। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री का सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भ्रामक ऑडियो वायरल हो रहा है। इस पर उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कुछ लोग उन्हें बदनाम करने की नीयत से उनका नाम लेकर अनैतिक बातें कर रहे हैं। ऑडियो में एक शख्स नौकरी दिलाने के लिए उप मुख्यमंत्री के नाम पर रुपयों की मांग कर रहा है।

हालांकि, उपमुख्यमंत्री के निजी सचिव प्रवीन कुमार वर्मा ने गौतमपल्ली थाने में लिखित शिकायत देते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। इससे पहले भी उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई थी। इस मामले में भी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निजी सचिव प्रवीण कुमार वर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो लोगों की मोबाइल पर बातचीत का एक ऑडियो तेजी से वायरन हुआ। इस ऑडियो में एक शख्स उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या का नाम लेकर सरकारी विभाग में नौकरी दिलाने के लिए रुपयों की मांग कर रहा है।

बातचीत के दौरान आरोपित उप मुख्यमंत्री को भी रुपये देने की बात कह रहा है। यह ऑडियो सियासत के गलियारे तक पहुंचा तो उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने उन्हें बदनाम करने की साजिश बताते हुए बातचीत करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाने के निर्देश दिए। इसके बाद निजी सचिव प्रवीन कुमार वर्मा ने गौतमपल्ली थाने में लिखित शिकायत देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।

प्रभारी निरीक्षक  रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 500 (मानहानि) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साइबर क्राइम सेल यूनिट की मदद से तफ्तीश की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-रायबरेली: घर पर पड़ी दबिश तो प्रेमी ने प्रेमिका से किया किनारा फिर महिला ने उठाया यह बड़ा कदम, जानें पूरा मामला

 

संबंधित समाचार