संभल: दूल्हे के गले से नोटों का हार तोड़ने पर हंगामा, चार लोग गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बारात चढ़त के दौरान हुई घटना से गुस्साए बराती, पुलिस लोगों को शांत किया

संभल/सिरसी, अमृत विचार। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र में बरात चढ़त के दौरान अनुसूचित समाज के दूल्हे के गले में पड़े नोटों के हार दूसरे समुदाय के युवकों व बच्चों ने तोड़ लिए। इस पर बराती भड़क गए। बरातियों के हंगामा करने पर तनातनी के हालात बन गए। मामला दो समुदायों का होने से एसडीएम, सीओ और दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में एसपी भी पहुंचे। पुलिस ने दूसरे समुदाय के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। रात तक शादी की रस्में चलती रहीं।

गांव बराही निवासी कल्लू की बेटी की बरात शुक्रवार को जनपद रामपुर के शाहबाद थाना क्षेत्र में नईम गंज से आई थी। बरात चढ़त के दौरान बाजार में दूल्हा सोनू पुत्र मलखान सिंह की दूसरी बग्गी में चढ़ने लगा। तभी दूसरे समुदाय के युवक व बच्चे दूल्हे के पास पहुंचे। उन्होंने दूल्हे के गले में पड़े नोटों के हार तोड़ लिए और भाग गए। यह देखकर बराती भड़क गए।

बरातियों के हंगामे के दौरान भीड़ जुट गई। सूचना के बाद हजरतनगर गढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे बरातियों को समझाने का प्रयास किया। सूचना पर एसडीएम सुनील कुमार त्रिवेदी और सीओ जितेंद्र सरगम भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दूसरे समुदाय के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शादी की रस्में शुरू कराई गईं।

गांव बना छावनी, जुटा सरकारी अमला
संभल : मामला दो समुदायों के बीच का होने के कारण पुलिस-प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया। हजरतनगर गढ़ी के साथ ही असमोली पुलिस को भी गांव में तैनात कर दिया गया। सीओ जितेंद्र सरगम ने भी देरशाम तक गांव में भी मौजूद रहकर हालात पर नजर रखी। वहीं एसपी चक्रेश मिश्रा ने भी गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

गांव बराही में बरात चढ़त के दौरान उड़ाये जाने वाले नोट और नोटों से बनी माला छीनने की घटना हुई थी। गांव के ही दूसरे समुदाय के कुछ बच्चों ने नोट व नोटों से बनी माला छीनी थी। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर चार लोगों की गिरफ्तारी की गई है। गांव में एहतियातन फोर्स लगाया गया है। बरात सकुशल संपन्न हो चुकी है। गांव में पूरी तरह शांति है---चक्रेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक।

यह भी पढ़ें- संभल: चालक को नींद की झपकी आने से खंदक में पलटी बरातियों से भरी बस, 22 घाय

संबंधित समाचार