रायबरेली में महिला ने एसओ खीरों पर लगाए गंभीर आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एसओ खीरों ने आरोपों को बताया झूठा और बेबुनियाद

खीरों/ रायबरेली, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के एक गांव की पीड़िता ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर गांव के कुछ लोगों सहित थानाध्यक्ष खीरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जबकि थानाध्यक्ष ने सभी आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताते हुए  पीड़िता पर ही झूठे मुकदमे लिखाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
       
पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि विगत एक वर्ष पूर्व उसने अपने गांव के बहादुर, श्रीराम, हरीराम और घनश्याम तिवारी के विरुद्ध छेड़छाड़ का मुकदमा पंजीकृत कराया था। जिससे नाराज होकर विपक्षी लगातार उसे परेशान कर रहे हैं और उसके घर आने जाने वाले लोगों के साथ मारपीट करते हैं। इस मामले में पीड़िता ने थानाध्यक्ष खीरों देवेंद्र कुमार अवस्थी पर आरोप लगाया है कि वह विरोधियों से मिलकर उस पर 15 हजार रुपए लेकर आपस में सुलह समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। 

विगत 21 जून को उसके गांव का मानू उसकी चारपाई ठीक कर रहा था। तभी विपक्षी गाली देते हुए मारपीट पर आमादा हो गए। महिला ने  इस संबंध में शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी लालगंज को शिकायती पत्र देकर प्रतिपक्षियों पर कार्रवाई करने की मांग की थी। सीओ लालगंज ने थानाध्यक्ष खीरों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत जब शनिवार को सुबह वह थाने पहुंची तो आरोप है कि थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार अवस्थी उसे देखते ही आग बबूला हो गए और उसे गालियां देते हुए अपमानित कर थाने से भगा दिया तथा उसका प्रार्थना पत्र भी फाड़ कर फेंक दिया और उसे जेल भेज देने की धमकी भी दी। 

थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार अवस्थी ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व दो पक्षों में मारपीट हुई थी। जिसमें प्रार्थना पत्रों के आधार पर दोनों पक्षों के आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था। उसके बाद से लगातार महिला अपने प्रतिपक्षियों पर लगातार झूठे आरोप लगाकर मुकदमा पंजीकृत कराने का दबाव बना रही है।

ये भी पढ़ें -प्रयागराज : शहर के 24 परिषदीय विद्यालयों को बनाया जायेगा स्मार्ट

संबंधित समाचार