Kannauj : बिजली 70 घंटे से गुल, भड़के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, अंधाधुंध कटौती से गर्मी में बिलबिला उठे लोग
कन्नौज में बिजली नहीं आने से ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
कन्नौज के छिबरामऊ में 70 घंटे से बिजली गुल होने पर भड़के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। इससे परेशान होकर ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर बिजली ठीक कराए जाने की मांग की।
कन्नौज, अमृत विचार। बारिश के बाद अब गर्मी ने रौद्र रूप ले लिया है, जिससे लोग बेहाल हो रहे हैं। उस पर बिजली की अंधाधुंध कटौती के चलते लोगों का जीना मुहाल हो रहा है। ग्राम मिघौली में पिछले 70 घंटों से बिजली गायब है। इससे परेशान होकर ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर बिजली ठीक कराए जाने की मांग की।
मंगलवार को हुई बारिश के बाद तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। इसके बाद अब फिर से बढ़ते तापमान ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहता है। गर्मी व उमस के कारण लोगों को घरों में भी चैन नहीं है, क्योंकि बिजली की आंख मिचौली तेज हो गई है।
बिजली गुल रहने से न सिर्फ गर्मी का कहर झेलना पड़ता है बल्कि पेयजल का संकट भी खड़ा हो जाता है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मिघौली में बीते लगभग तीन दिन से बिजली नहीं आई है जिससे लोग गर्मी से बिलबिला उठे हैं। इसके साथ ही पानी की समस्या भी खड़ी हो गई है।
गांव निवासी पूनम तिवारी, प्रिंस चौहान, रोहित चौहान, सुशील तिवारी, प्रांशु मिश्रा, विनोद, सरमन, सचिन, श्याम जी शर्मा, प्रभात मिश्रा, श्यामू चौहान, विपनेश तिवारी व रामप्रकाश ने बताया कि पिछले 70 घंटों से गांव में बिजली नहीं आई है। लोड ज्यादा होने के कारण बार-बार केबलों में फाल्ट हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार मामले की शिकायत जेई से भी की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आजिज आकर ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन कर विभाग के प्रति आक्रोश जताया तथा समस्या के निस्तारण की मांग की।
इस संबंध में जेई करन सिंह ने बताया कि बारिश के चलते गांव का केबल कई जगह से फुंक गया था। इसे ठीक कराकर बीच-बीच में लाइट दी जा रही थी। आज केबल बदला जा रहा है जो शाम तक बदल जाएगा। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। आसपास के गांवों में भी जहां केबल क्षतिग्रस्त हैं वे भी बदलवाए जाएंगे।
