महाकुंभ 2025 : रेलवे ट्रैक के किनारे नहीं दिखेगी गंदगी, खिलेंगे फूल, बनेंगी हरित-पुष्प क्यारियां
स्मार्ट सिटी लिमिटेड और रेलवे के बीच करारनामा
प्रयागराज, अमृत विचार। प्रदेश की योगी सरकार महाकुंभ-2025 को दिव्यता, भव्यता और नव्यता स्वरूप प्रदान करने में जोर-शोर से लगी है। प्रयागराज के सौंदर्यीकरण की किताब मे एक नया पन्ना जुड़ने जा रहा है। शहर की सड़कों के बाद अब रेल की पटरियों पर गुजरने वाले रेलवे ट्रैक के किनारे हरित- पुष्प पट्टियां यानि क्यारिया बनाई जाएंगी। ताकि प्रयागराज आने वाले करोड़ों श्रद्धालु अपने साथ सुखद और कभी न भूलने वाली स्मृतियां अपने साथ संजो कर रखे।
महाकुंभ के समय प्रयागराज के सड़क मार्ग पूरी तरफ से सुव्यवस्थित दिखते हैं। सड़क मार्गों के दोनों तरफ हरित पट्टी के विकास से सड़कें सुंदर और सुसज्जित दिखती हैं। सड़क मार्गों से इतर रेल मार्ग के आसपास का क्षेत्र पूरी तरह से अविकसित, अव्यवस्थित और गंदा रह जाता था। योगी सरकार इस बार महाकुंभ के पहले इन्हें भी सुव्यवस्थित कर नया स्वरूप देने के तैयारी की है। स्मार्ट सिटी प्रयागराज और रेलवे की तरफ से इसे लेकर एक नई कार्य योजना लागू की जा रही है।
प्रयागराज स्मार्ट सिटी मिशन के तकनीकी प्रबंधक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि महाकुंभ में आने वाले 80 फीसदी यात्री रेल मार्ग से प्रयागराज आते हैं । शहर में प्रवेश करते समय रेलवे ट्रैक के अगल - बगल के अव्यवस्थित क्षेत्र से उन्हें सामना करना पड़ता है। रेलवे पटरियों के किनारे की गंदगी , अतिक्रमण, अवैध कब्जा हटाकर इनकी प्राकृतिक सुंदरता को बढ़ाने के लिए शासन स्तर से इसके लिए योजना बनाई गई है। इसके अंतर्गत रेलवे पटरियों के किनारे फूलों और सजावटी पौधों की हरित पट्टियां जल्द ही विकसित की जायेंगी।
रेल की पटरियों के किनारे सुंदर और स्वच्छ वातावरण पैदा करने के लिए यह योजना तैयार की गई है। इसे लेकर प्रयागराज स्मार्ट सिटी और रेलवे के बीच करारनामा हो चुका है। इसके अनुसार पहले फेज में शहर के सभी 7 रेलवे स्टेशन के आउटर सिग्नल से रेलवे स्टेशन तक की पटरियों के किनारे की भूमि को नर्सरी लगाने वाले, और फूल की खेती करने वालों को लीज पर दिया जाएगा। इस योजना को स्मार्ट सिटी मिशन के अधिकारियों ,रेलवे अधिकारियों, होटल उद्यमियों एवं शहर के अन्य उद्यमियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई हैं। इसके नतीजे भी सकारात्मक रहे हैं। सभी लोगों ने इसमें एक साथ मिल कर कार्य करने की इच्छा जाहिर की है। महाकुंभ के समय प्रयागराज जंक्शन को दिव्य और भव्य स्वरूप देने की तैयारी है। रेलवे ट्रैक के आसपास के क्षेत्र में कूड़ा-करकट और गंदगी के ढेर नजर आते हैं । इनमे नर्सरी , कारपेट ग्रास और सजावटी पौधों की हरित पट्टियों के विकसित किए जाने से इस अनुपयोगी भूमि पर हरियाली का विस्तार होगा। हरियाली के विस्तार से इससे कार्बन क्रेडिट भी मिलेगी।
इस हरित पट्टी के किनारे शहर के ट्रीट किये गए पानी की एक पाइप लाइन भी डाली जायेगी, जिसके लिए 2 एमएलडी का ट्रीटमेंट प्लांट भी बनेगा। इसका ट्रीट किया गया पौधो की वृद्धि के लिए उपयोगी पानी इस हरित पट्टी में इस्तेमाल होगा। इससे शहर के पेय जल आपूर्ति की व्यवस्था पर इसका बोझ नहीं पड़ेगा।
इस योजना से रोजगार के अतिरिक्त अवसर भी सृजित होंगे। प्रयागराज होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह का कहना है कि इस योजना से फूलों और नर्सरी का कारोबार करने वालों के लिए रोजगार के अवसरों का सृजन होगा साथ होटल इंडस्ट्री को भी इसका लाभ मिलेगा ।
ये भी पढ़ें -PM मोदी को मिला मिस्र का सर्वोच्च सम्मान, CM योगी ने ट्वीट कर लिखी ये बड़ी बात
