हादसों का रविवार : Unnao में खून से लाल हुईं सड़कें, हादसों में पांच की मौत, ग्रामीणों ने रोड जाम की

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में सड़क हादसे में पांच की मौत।

उन्नाव के बांगरमऊ, सदर कोतवाली, बिहार व अचलगंज थानाक्षेत्र में हुए सड़क हादसे में पांच की मौत हो गई। परिजनों व ग्रामीणों ने रोड पर जाम कर प्रदर्शन किया।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव में अलग-अलग स्थानों में हुए सड़क हादसों में अज्ञात वाहनों की टक्कर से पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर घायल हो गया। बांगरमऊ कोतवाली अंतर्गत एक बाइक सवार को तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया। जिसमें उसकी मौत हो गई। अचलगंज क्षेत्र में बाइक सवार तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें दो की मौत हो गई। सदर कोतवाली अंतर्गत खेत गए वृद्ध की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हुई। वहीं बाइक की टक्कर से घायल हुए युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज हैं। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया।

केस-1  
अनियंत्रित डंपर में बाइक सवार को रौंदा, मौत 

बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव लतीफपुर निवासी सुनील (27) पुत्र मुंशीलाल फ्रिज व एसी मैकैनिक है। वह रविवार को बाइक से फ्रिज की मरम्मत करने संडीला रोड पर मंडी गेट जा रहा था। तभी सामने से तेज गति से आ रहे डंपर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मैकेनिक सड़क पर जा गिरा। तभी डंपर उसको रौंदता हुआ भाग निकला। हादसे में मैकेनिक गंभीर घायल हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। फ्रिज मैकेनिक की अचानक मौत की सूचना पर परिजनों व गांव में कोहराम मच गया। परिजनों के साथ पहुंचे सैकड़ों ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और अस्पताल गेट पर शव रख उन्नाव-हरदोई रोड जाम कर दिया। जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर तहसीलदार सुधीर कुमार, सीओ पंकज सिंह व प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। परिजनों ने बताया कि सुनील पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। वह फ्रिज व एसी की मरम्मत कर परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी मीना पति का शव देख दहाड़े मार कर रोने लगी। 

केस-2 
अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, दो की मौत एक गंभीर 

शनिवार रात करीब 12 बजे पप्पू पुत्र बुद्दीलाल जायसवाल निवासी शांति नगर सदर कोतवाली गुड्डू उर्फ अंकित निवासी बेथूपुर सरेनी रायबरेली व संदीप पासवान पुत्र रामशरण निवासी मलकेगांव रायबरेली  एक बाइक से सरेनी से उन्नाव जा रहे थे। लालगंज-उन्नाव हाईवे पर अचलगंज थानांतर्गत कोरारी मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें तीनों गंभीर घायल हो गए। अचलगंज पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल भेजा। जहां गुड्डू और पप्पू को चिकित्सक में मृत घोषित कर दिया। संदीप को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार पप्पू शराब ठेके में मलके गांव में सेल्समैन था। दुकान बंद होने के बाद वह गुड्डू और संदीप के साथ उन्नाव आ रहा था। तीनों ने अचलगंज के पास ढाबा में खाना खाया। उसके बाद उन्नाव के लिए चले थे। मृतक गुड्डू केरल में चालक की नौकरी करता था। तीन माह पहले वो गांव लौटा था। तब से वहीं रुका था। केरल में ही छह माह पूर्व उसने रेनू से विवाह किया था। उसकी मौत से वृद्ध मां भानुमती और पत्नी रो-रोकर बेहाल है। 

केस-3 
हादसे में घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत 

बिहार थानाक्षेत्र के गोबरहा गांव निवासी छोटे लाल (58) स्व. श्रीपाल फतेहपुर जिले के बिंदकी कस्बा में ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाता था। एक माह पूर्व 26 मई को खाना बनाने के लिए सामान खरीदने भट्ठा से पैदल बाजार गया था। जहां उसे बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी। साथी उसे पहले बिंदकी फिर फतेहपुर जिला अस्पताल ले गए थी। उसकी हालत देख कानपुर के हैलट भेजा गया। जहां उसका इलाज हो रहा था। दो दिन पहले डाक्टर ने जबाव दे दिया तो परिजन उसे घर ले आए थे। रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। भतीजे हरिराम ने बताया उसके चाचा की पत्नी शादी के कुछ बाद से ही उसे छोड़ कर चली गई थी। 

केस-4 
अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध की मौत 

सदर कोतवाली अंतर्गत राजेपुर पतारी गांव में रविवार दोपहर करीब तीन शिवमंगल प्रजापति (62) पुत्र स्व. नन्हे खेत गए थे। तभी करोवन-पतारी मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। सिर पर गंभीर चोट आने से वह अचेत होकर गिर गए। बकरी चरा रहे बच्चों ने देखा तो घर पर सूचना दी। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लाए जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता की मौत से बेटा मोहित व पत्नी राजेश्वरी सहित अन्य परिजन बिलख उठे। अस्पताल के मेमो पर शव मोर्चरी में रखवाया गया। 

विभिन्न मार्ग दुर्घटनाओं में पांच घायल 

आसीवन थानाक्षेत्र के हैदराबाद-सहबसी मार्ग पर प्रेमकांत पुत्र कंन्ठू निवासी सहबसी बाइक से जा रहा था। गांव के पास उसकी अनियंत्रित बाइक पलट गई। जिसमे वह गंभीर घायल हो गया। पुलिस उसे मियागंज सीएचसी ले गई। जहां से डाक्टर ने उसे गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया। उधर बेहटामुजावर क्षेत्र के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर गांव सबलीखेड़ा के पास चालक को अचानक झपकी आने से अनियंत्रित कार डिवाइडर से जा टकराई। इसमें चालक सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को औरास सीएचसी से लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया। कार सवार लोग राजस्थान के मेंहदीपुर बाला जी से दर्शन कर लौट रहे थे।

संबंधित समाचार