शाहजहांपुर: माफिया, टॉप टेन, हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ होगी सख्त कार्यवाही
पुलिस का जनता के साथ अच्छा व्यवहार हो, फरियादियों की शिकायतों का हो निस्तारण
शाहजहांपुर, अमृत विचार। नवागत पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कहा कि माफिया, टापटेन और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्यवाही की जाए। उन्होने कहा कि उनका प्रयास रहेगा अपराधियों को सजा दिलाई जाएगी। ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
नवागत एसपी अशोक कुमार मीणा ने दोपहर को पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया कर्मियों से पुलिस लाइन प्रेक्षागृह में बातचीत करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य किया जाए। अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी। जेल से छूटने के बाद अपराधी क्या कर रहे है, उन पर पैनी नजर रखी जाएगी। अपराधियों को किसी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। जघन्य घटना की चार्जशीट कोर्ट में शीघ्र भिजवाने का प्रयास किया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि कोर्ट से अपराधी को सजा मिले। जो भी अपराध करता है , उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।
मादक पदार्थ के बारे में एसपी ने कहा कि जिले में अफीम की खेती होती है। अफीम तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का जनता के साथ अच्छा व्यवहार होना चाहिए। यदि कोई पुलिस कर्मचारी किसी के साथ अभद्र व्यवहार करता है, उसकी जांच करायी जाएगी। पुलिस और जनता के बीच सामंजस्य बना रहे।
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था के बारे में एसपी ने कहा कि जिला प्रशासन के साथ व्यापार मंडल की बैठक बुलाकर कार्य योजना तैयार की जाएगी। ई-रिक्शा के बारे में कहा कि प्रत्येक जिले में ई-रिक्शा अधिक है। नगर निगम, प्रशासन के साथ बैठक करके इनका रुट चार्ट तैयार किया जाएगा।
वाहन चोरी की वारदातों पर कहा कि वाहन चोर गिरोह का शीघ्र पर्दाफाश किया जाए्रगा। अंत में एसपी ने थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायत को सुनकर निस्तारण किया जाए। 2015 बैच के है, बुलंदशहर में ट्रेनिंग की थी, एसपी क्राइम मथुरा रहे, ढाई साल फतेहगढ़ में रहे है। राजस्थान राज्य के कोटा जिले के मूल निवासी है। इस अवसर पर एएसपी सिटी, एएसपी ग्रामीण, सीओ सिटी, सीओ सदर, प्रतिसार निरीक्षक मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: हादसे में बाइक मिस्त्री की मौत, परिवार में मचा कोहराम
