शााहजहांपुर: आपातकाल के दौरान जिन्होंने भी संघर्ष किया सभी सम्मान के पात्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाजपा महानगर ने लोकतंत्र सेनानियों को किया सम्मानित

भाजपा कार्यालय पर लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित करते सांसद जुगुल किशोर और अरुण सागर।

शााहजहांपुर, अमृत विचार। भाजपा महानगर की ओर से इमरजेंसी लागू किए जाने की बरसी पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि लखीमपुर के राज्य सभा सांसद जुगुल किशोर और स्थानीय सांसद अरुण सागर ने लोकतंत्र सेनानियों को शॉल ओढ़कर सम्मानित किया।

पार्टी कार्यालय पर हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लखीमपुर के सांसद जुगुल किशोर ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आज के दिन ही देश में इमरजेंसी थोप दी थी। हजारों लोगों को आपातकाल के दौरान प्रताड़नाएं देकर जेल में बंद कर दिया गया था। लोकतंत्र बचाने के लिए जिन लोगों ने आपातकाल के खिलाफ खड़े होकर संघर्ष किया वह सभी सम्मान के पात्र हैं। आपातकाल के दौरान विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की हत्या कर दी थी। असंख्य सत्याग्रहियों को रातों रात जेल की कालकोठरी में कैद कर दिया था। प्रेस पर भी ताले जड़ दिए गए थे। स्थानीय सांसद अरुण सागर ने कहा कि कांग्रेस की सत्ता चली न जाए, सिर्फ इसलिए मीडिया को दबा दिया गया। आपातकाल के दौरान राष्ट्रभक्तों को जेलों में डाल दिया गया। न्यायपालिका को कुचल दिया गया। उन्होंने कहा कि जो लोग पाप के भागीदार रहे, वह जान लें कि पाप कभी मिटने वाला नहीं है। ईश्वर सत्ता सर्वोपरि होती है।

महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने कहा कि आपातकाल की विभीषिका ने देश की आत्मा को कुचल दिया गया था। कार्यक्रम अध्यक्ष ओंकार सिंह ने कहा कि आपातकाल के समय पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए देश के लोकतंत्र को कुचल कर रख दिया था। इस मौके पर लोकतंत्र सेनानी समिति के अध्यक्ष सतवीर सिंह, लोकतंत्र सेनानी सुशील कुमार, गोपीनाथ गुप्ता, रघुवीर, राम स्वरूप, रामसेवक, आयुष, रामबाबू खंडेलवाल, राधाकृष्ण, ओम शंकर, नवी शेख आदि लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्यामबाबू दीक्षित, राजकमल बाजपेई, मुकेश राठौर, नीतू गुप्ता, सुनील मालवीय आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: माफिया, टॉप टेन, हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ होगी सख्त कार्यवाही

संबंधित समाचार