Unnao News : प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या कर शव गायब करने का आरोप, परिजनों ने जाम की सड़क
बिहार थानाक्षेत्र के गांव रकमापुर आकमपुर का मामला
अमृत विचार, उन्नाव। जिले के बिहार थानाक्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या कर शव गायब करने की आशंका जता युवक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। रोड जाम कर प्रदर्शन किये जाने के दौरान भीड़ की पुलिस से झड़प भी हुई। पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।
मामला बिहार थानाक्षेत्र के गांव रकमापुर आकमपुर का है। गांव निवासी सोहन राजपूत 26 पुत्र रमई लाल की घर से 400 मीटर दूर पर सहज जन सेवा केंद्र की दुकान है। सोहन के परिवारीजनों ने बताया कि उसका गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसकी जानकारी होने पर दो महीने पूर्व युवती के परिवारीजनों ने मारपीट की थी। जिसके बाद दोनों पक्षों में संमझौता हुआ था।
आरोप है कि समझौते के बावजूद युवती के परिजनों ने सोहन की हत्या की धमकी दी थी। परिजनों के अनुसार सोहन रोज की तरह रात 10 बजे भोजन करके दुकान सोने के लिए आया था। सुबह घर वापस न आने पर जब परिवार के लोग दुकान पंहुचे तो वहां खून के छीटें पड़े मिले। सोहन की कार में भी खून देख परिजन हंगामा करने लगे और पुलिस को सूचना दी। करीब एक घंटा तक पुलिस से चली झड़प के बाद ग्रामीणों ने युवती के परिजनों पर हत्या कर शव गायब कर देने का आरोप लगा उन्नाव रायबरेली राजमार्ग जाम कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस बल जाम खुलवाने के प्रयास करता रहा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी युवती के परिजनों ने युवती को भी गायब कर दिया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण और पुलिस आमने सामने हैं। ग्रामीण राजमार्ग जाम करने का प्रयास कर रहे है और पुलिस उन्हें रोकने में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें -फतेहपुर में लड़की का रेप कर युवक ने की थी हत्या, आरोपी के घर पर चला बुलडोजर
