हरदोई: महानिदेशक के आदेश की उड़ी धज्जियां! Order के बाद भी सीएमओ कार्यालय में जमे हैं वरिष्ठ सहायक
100 बेड हास्पिटल बीघापुर को एक्टिव करने की मंशा पर फिरा पानी
हरदोई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सरकार बहुत कुछ कर रही है, लेकिन उसके नुमाइंदे उसकी मंशा पर पानी फेरने से बाज़ नहीं आ रहे हैं। मामला सीएमओ कार्यालय का है, जहां तैनात वरिष्ठ सहायक का 100 बेड हास्पिटल बीघापुर ज़िला उन्नाव के लिए तबादला किया गया।
लेकिन इतने दिनों बाद भी वरिष्ठ सहायक अपनी कुर्सी पर जमे हुए हैं। इस बारे में कहा जा रहा है कि दो दिन में साहब रिटायर हो रहें हैं, चूंकि वहीं वरिष्ठ सहायक उनके सबसे नज़दीकी है,तभी तो साहब अपने सामने ऐसा होने नहीं देना चाहते हैं।
बताते चलें कि उन्नाव ज़िले के बीघापुर में 100 बेड हास्पिटल को एक्टिव किए जाने के लिए फाइल नंबर 5-3001(099)/102/2023-3-उ.प्र.शासन चिकित्सा अनुभाग-3-20/6/2023 के तहत 100 बेड हास्पिटल बीघापुर को एक्टिव करने के लिए महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उ.प्र.लखनऊ के पत्र संख्या 3-एफ/बीघापुर/प्रस्ताव/2023/1047 दिनांक 29/4/2023 के हवाले से संयुक्त सचिव अज़ीज़ अहमद ने कहा है कि सीएमओ कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक कमल कुमार त्रिपाठी का तबादला बीघापुर ज़िला उन्नाव के लिए किया जाता है।
पदभार ग्रहण कर उसकी तत्काल आख्या दें। लेकिन इतने दिनों बाद भी अभी तक वरिष्ठ सहायक कमल कुमार त्रिपाठी को नए स्थल पर रवाना नहीं किया गया है। इसके पीछे तर्क है कि त्रिपाठी सीएमओ के काफी नज़दीकी लोगों में गिने जाते हैं।
दो दिन बाद सीएमओ का रिटायरमेंट है,इस लिए साहब फिलहाल अपने सामने उन्हें दूर नहीं जाने देना चाहते हैं। मतलब साफ है कि उनके लिए महानिदेशक का आदेश कोई मायने नहीं रखता है। इस मामले की काफी चक-चक मची हुई है।
यह भी पढ़ें:-सीतापुर: सबीना बनी प्रीती, सिद्धेश्वर मंदिर में हिंदू लड़के से रचाया प्रेम विवाह
