अमरोहा : नशे का इंजेक्शन लगाकर महिला से दुष्कर्म, एक युवक गिरफ्तार, साथी फरार
पीड़िता के अनुसार नशे का इंजेक्शन लगाकर दिया घटना को अंजाम
अमरोहा, अमृत विचार। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के युवक को गाजियाबाद पुलिस ने महिला से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। जबकि, उसका दूसरा साथी पुलिस की गिरफ्त से फरार है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने इलाज के बहाने उसे नशीला इंजेक्शन लगाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
दिल्ली की रहने वाली पीड़िता के अनुसार कई माह पहले उसे खांसी हुई थी। काफी इलाज कराने के बाद भी उसकी खांसी ठीक नहीं हुई। इस दौरान सोशल साइट के माध्यम से उसका संपर्क साकिब नाम के डॉक्टर से हुआ और फिर वॉट्सएप पर बातचीत हुई। साकिब ने खुद का क्लीनिक गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में बताया और वहीं आकर इलाज कराने की बात कही। आरोपी ने सात जून को महिला को गाजियाबाद बुला लिया।
महिला का कहना है कि क्लीनिक पर डॉ. साकिब के अलावा जकी नाम का युवक भी था। महिला ने साकिब ने खांसी की दवा ली, लेकिन उसे कोई आराम नहीं मिला। जिसके बाद 19 जून को महिला दोबारा उसके क्लीनिक पर गई। महिला का आरोप है कि डॉ. ने उसको जो इंजेक्शन लगाया, उससे वह बेहोश हो गई।
इस दौरान डॉ. और उसके साथी ने महिला से दुष्कर्म किया। पीड़िता की तहरीर पर गाजियाबाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर साकिब निवासी गांव सोनाली कोतवाली डिडोली जिला अमरोहा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।
ये भी पढ़ें:- इंडिया कॉकस के सदस्यों ने भारत में हथियारों की बिक्री में तेजी लाने के लिए पेश किया विधेयक
