मुरादाबाद: करंट की चपेट में आकर बिजली मिस्त्री की मौत
मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में एक घर में बिजली ठीक करने गए मिस्त्री की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। वे लोग रंजिशन हत्या कर उसे हादसा साबित करने का आरोप …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में एक घर में बिजली ठीक करने गए मिस्त्री की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। वे लोग रंजिशन हत्या कर उसे हादसा साबित करने का आरोप लगा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने के बाद शव पीएम के लिए भेजा। परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है।
मामला मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम गनेश घाट का है। गांव निवासी विजयपाल का बेटा मिथुन प्राइवेट तौर पर बिजली मिस्त्री था। अक्सर वह बिजली के फाल्ट ठीक करने जाता था। परिजनों के अनुसार गांव निवासी वेदपाल ने घर में फाल्ट होने की बात कहते हुए मिथुन को बुलाया। जिस पर वह वेदपाल के घर चला गया। परिजनों के अनुसार देर शाम वेदपाल के बेटे आकाश ने सूचना दी कि मिथुन को करंट ने चपेट में ले लिया है।
परिजनों के अनुसार जब वह घर पहुंचे तो मिथुन की मौत हो चुकी थी। शव देखकर परिजन अपना आपा खो बैठे और वेदपाल व उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। परिजनों का कहना था कि वेदपाल से उसकी रंजिश चल रही थी। हंगामा होने की सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह से परिजनों को समझाकर शव पीएम को भेजा। वहीं परिजनों ने वेदपाल और उसके बेटे आकाश समेत कई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है। वहीं देर शाम आई पीएम रिपोर्ट में हेड इंजरी से मौत होने की पुष्टि हुई है।
