संभल: पत्नी से विवाद के चलते ग्रामीण ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल/रजपुरा, अमृत विचार। गुन्नौर थाना क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद ग्रामीण ने अलीगढ़-बरेली रेल ट्रैक पर ट्रेन के इंजन के आगे कूद कर जान दे दी। पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिये शिनाख्त कराने के बाद ग्रामीण का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीण की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के गांव कैल के पास अलीगढ़-बरेली रेलवे ट्रैक पर बुधवार को देर रात एक ग्रामीण ने ट्रेन के इंजन के आगे कूदकर जान दे दी। बबराला स्टेशन मास्टर ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।पुलिस ने युवक का शव कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया। पुलिस ने सोशल मीडिया का सहारा लिया तो ग्रामीणों ने युवक की शिनाख्त थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव पंवारी निवासी पन्नालाल उर्फ पन्नू (36 वर्ष) पुत्र अमरपाल के रूप में की। ग्रामीण की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, ग्रामीण का किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। जिसके चलते ग्रामीण ने ट्रेन के इंजन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।

घरेलू कलह में वृद्ध ने ट्रेन से कट कर दी जान 

चन्दौसी।चन्दौसी-मुरादाबाद रेलवे ट्रैक पर कोतवाली क्षेत्र की प्रेमनगर कालोनी के निकट पारिवारिक कलह के चलते वृद्ध ने ट्रेन से कट कर जान दे दी। वृद्ध बुधवार की दोपहर से ही घर से लापता था। परिजन तलाश कर रहे थे। सूचना पाकर आरपीएफ और कोतवाली पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे।गुरुवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे चन्दौसी-मुरादाबाद रेलवे ट्रैक पर कोतवाली क्षेत्र की प्रेमनगर कालोनी के निकट रेलवे ट्रैक किनारे पत्थरों पर वृद्ध का रक्त रंजित शव पड़ा था। इसी दौरान वहां से एक ट्रेन गुजरी तो चालक की शव पर नजर पड़ गई। चालक ने रेलवे कंट्रोल को खबर कर दी।

 सूचना पाकर आरपीएफ और कोतवाली की मंडी समिति चौकी सुधीर भाटी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुला कर सियाराम (60) पुत्र नारायण निवासी गांव बुधनगर खडुआ चन्दौसी के रुप में शिनाख्त कराई। पता लगने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सियाराम की बुधवार की दोपहर अपनी पत्नी रेशमवती से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद सियाराम पांच सौ रुपये लेकर घर से निकल गया और फिर वापस नहीं लौटा। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह पवांर ने बताया कि अब तक की छानबीन में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें:- संभल: जिला अस्पताल में पहली मंजिल पर जाते समय रुकी लिफ्ट, 10 मिनट तक फंसे रहे मरीज और कर्मचारी

संबंधित समाचार