कासगंज: सहावर गेट अंडरपास को मिली मंजूरी, जल्द पूरी होगी टेंडर प्रक्रिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लंबे समय से जाम के झाम की समस्या से जूझते आ रहे हैं क्षेत्र के लोग

DEMO IMAGE

कासगंज, अमृत विचार। सहावर गेट रेलवे फाटक पर पल-पल जाम लगता है। अधिकांशत: यह फाटक बंद रहता है। जिससे लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। लंबे समय से इस फाटक पर ओवरब्रिज या अंडरपास बनाने की मांग उठ रही थी। पिछले दिनों रेलवे द्वारा मांगी गई रिपोर्ट पर जब जिला प्रशासन ने अंडरपास के लिए सहमति जता दी तो अब रेलवे की ओर से अंडरपास की मंजूरी हो मिल गई है। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी होगी।

शहर के बारहद्वारी से सहावर गेट क्षेत्र को जोड़ने वाला रेलवे फाटक लोगों के लिए समस्या का कारण बना रहा है। यहां कानपुर और बरेली की ओर ट्रेनें और मालगाड़ी गुजरती है। रेल यातायात का दबाव काफी रहता है। इसके अलावा यार्ड के लिए भी यही ट्रैक है और शंटिंग भी यहीं से होती है।

ऐसे में 24 घंटे में लगभग 16 घंटे यह फाटक बंद रहता है। जिससे लोग जाम में फंसे रहते हैं। कई बार तो एंबुलेंस भी जाम में फंसती है। कुछ दिनों पहले अमृत विचार समाचार पत्र ने इस समस्या को प्राथमिकता के साथ प्रकाशित किया तो तहसील प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट तैयार की।

एसडीएम ने एडीएम के माध्यम से रिपोर्ट रेलवे को भेजी। वहीं बीते दिनों रेलवे के महाप्रबंधक कासगंज आए तो व्यापारियों ने इस समस्या को प्राथमिकता से रखा। रेलवे ने कुछ दिन पहले ही यहां अंडरपास बनाने की संस्तुति उच्च अधिकारियों से की। अब पूर्वोत्तर रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों ने अंडरपास के लिए स्वीकृति दे दी है। साथ ही जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। अब इज्जतनगर मंडल के रेल अधिकारी टेंडर प्रक्रिया पूरी करेंगे। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि  कितनी लागत से यह अंडरपास बनेगा।

कमला मार्केट से बारहद्वारी की तरफ आने के लिए आधा घंटे जाम में फंसे हैं। फाटक बंद है समस्या हो रही है--- लखन सिंह।

जानकारी मिली है कि अब सहावर गेट रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास बन जाएगा। यह बड़ी राहत भरी बात है--- कप्तान सिंह।

अंडरपास या ओवरब्रिज यहां की लंबे समय से जरूरत है,लेकिन ओवरब्रिज से नुकसान होता अंडरपास सहुलियत पहुंचाएगा--- कमल प्रसाद।

यह समस्या काफी पुरानी है। रेलवे समय रहते अंडरपास का कार्य करा दे तो सहावर गेट क्षेत्र में विकास के द्वार खुलेंगे--- राम किशोर।  

सहावर गेट रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया भी जल्द पूरी होगी। अनुमानित लागत शीघ्र स्पष्ट कर दी जाएगी--- राजेंद्र सिंह, पीआरओ इज्जतनगर मंडल।

यह भी पढ़ें- कासगंज: अभी से मिलन को आतुर हैं पतित पावनी की दो धार, तीसरी का रुख अलग, जानिए क्या है मामला

संबंधित समाचार