बरेली: सिस्टम का हाल...भाजपा विधायक की सुन नहीं रहे अफसर, बरसों से सड़क बदहाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहोर नगला होते हुए देश नगर मार्ग तक बननी है सड़क, याचिका के चार महीने बाद अफसर हुए सक्रिय

बरेली, अमृत विचार। भाजपा सरकार में अफसरशाही इतनी हावी है कि जनप्रतिनिधियों की ही सुनवाई नहीं हो रही है। नवाबगंज के विधायक डाॅ. एमपी आर्य ने फरवरी में 18वीं विधानसभा के पहले सत्र में नवाबगंज क्षेत्र के बहोर नगला की सड़क बनवाने की याचिका की थी लेकिन अभी तक सड़क नहीं बन सकी है। अब चार महीने के बाद अफसर सक्रिय हुए हैं और रिपोर्ट मांगी है।

विधायक डाॅ. एमपी आर्य ने बहोर नगला के विनोद दिवाकर और राम स्वरूप की ओर से 27 फरवरी को याचिका विधानसभा के सदन में दी। उसमें लिखा था कि ब्लॉक नवाबगंज के शहरी भाग के बहोर नगला होते हुए देश नगर मार्ग तक सड़क बननी है। सड़क का निर्माण कराना जनहित में अति आवश्यक है। सड़क निर्माण होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी। इस संबंध में शासन प्रशासन को कई लिखित और मौखिक शिकायत की गयी लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हो सका।

सदन में मामला उठने के करीब ढाई माह के बाद 11 मई को विधान भवन की समिति (सामान्य) अनुभाग, सचिव ब्रज भूषण दुबे ने चिट्ठी नगर विकास अनुभाग की महिला अधिकारी को लिखी। जिसमें उन्होंने 15 दिन के अंदर याचिका पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए याचिका समिति के विचारार्थ लिखते हुए सचिवालय को अवगत कराने के लिए कहा। यह चिट्ठी नगर विकास अनुभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात, विशेष सचिव उदय भानु प्रताप समेत कई अन्य अधिकारियों की टेबल पर भी पहुंची। इस बीच, नगर विकास अनुभाग से नवाबगंज नगर पालिका या जिले के अफसरों को भी चिट्ठी लिखी गई होगी लेकिन उसका कोई रिकार्ड सामने नहीं आया है।

14 जून को डीएम को भेजी गई चिट्ठी
वहीं, सचिव की चिट्ठी के करीब एक माह के बाद अनुसचिव संजय कुमार तिवारी ने 14 जून को जिलाधिकारी बरेली को चिट्ठी लिखी। जिसमें विधानसभा में याचिका देने वाले विधायक डाॅ. एमपी आर्य का नाम और याचिका का विवरण दर्शाते हुए जिलाधिकारी से दो दिन के अंदर उक्त याचिका पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी गई। इस चिट्ठी के आने के बाद 27 जून को जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष बहादुर सिंह ने जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को चिट्ठी लिखी है। एडीएम फाइनेंस ने अपर मुख्य अधिकारी से जल्द रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

सड़क की हालत है बेहद दयनीय
बहोर नगला होते हुए देश नगर मार्ग तक सड़क की हालत बेहद खराब है। यह नगर पालिका क्षेत्र में आता है लेकिन सड़क लोक निर्माण विभाग की है। रोज हजारों की संख्या में लोग गुजरते हैं। लोक निर्माण विभाग ने कभी इस ओर नहीं देखा।

दो इंटर कॉलेज समेत छह स्कूल हैं इस रोड पर
इस मार्ग पर दो इंटर कॉलेज समेत छह स्कूल हैं। सैकड़ों बच्चे इसी टूटी सड़क से होकर गुजरते हैं। सड़क पर तमाम गड्ढे हैं। जल्द स्कूल खुलने वाले हैं और मानसून सत्र भी शुरू हो रहा है। ऐसे में गड्ढे में पानी भरने के दौरान स्कूली बच्चों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ेंगी।

यह भी पढ़ें- बरेली: आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर हमला के विरोध में प्रदर्शन, जमकर नारेबाजी

संबंधित समाचार