रामपुर : बिजली मिस्त्री की चाकू से गला रेतकर हत्या, मचा कोहराम
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घटित हुई वारदात, शुक्रवार सुबह मिला शव, गुरुवार को किसी के घर बिजली ठीक करने गया था लाखन
रामपुर, अमृत विचार। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बिजली मिस्त्री की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह रायपुर गांव के पास युवक का शव मिला। जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पत्नी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। मौके पर पहुंचे एसपी ने जल्द हत्या के खुलासे के निर्देश दिए हैं।
गांव वजीनगर निवासी लाखन (25) एक बिजली मिस्त्री था। जोकि घरों में बिजली फिटिंग का काम किया करता था। गुरुवार की शाम वह अपनी पत्नी से किसी के घर में बिजली ठीक करने की बात कहकर निकला था। इसके बाद काफी देर तक नहीं लौटने पर पत्नी ने फोन किया तो बताया कि अभी आने में थोड़ी देर लग जाएगी। इसके बाद वह देर रात तक नहीं लौटा। फोन भी स्विच ऑफ हो गया।
परिजन देर रात ढूंढ़ने निकले लेकिन कोई जानकारी नहीं हुई। शुक्रवार सुबह से गांव रायपुर में सड़क किनारे लाखन का शव मिला। जिसके गले पर चाकुओं से वार कर मौत के घाट उतारा गया था। भाई जबर सिंह ने बताया कि उसकी किसी से रंजिश नहीं थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आखिरी बार पत्नी से हुई थी लाखन की बात
लाखन की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी कुसुम का कहना है कि रात करीब 10 बजे फोन पर पति से बात हुई थी। जहां उन्होंने कुछ देर में आने की बात कही थी, लेकिन उसके बाद से मोबाइल बंद जा रहा था। सुबह को जब हत्या होने की खबर मिली तो होश उड़ गए। उसका रो-रोकर बुरा हाल है। जबकि उसके पति का मोबइल तक गायब है।
रायपुर गांव के पास एक युवक का शव मिला था। जिसको कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएग। - अशोक कुमार शुक्ला, एसपी
ये भी पढ़ें : रामपुर: सांड के हमले से किसान की मौत, मचा कोहराम
