बरेली: बीडीए क्षेत्र में 23 निवेशकों के मानचित्र मंजूर, 362 करोड़ का करेंगे निवेश
चार मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया में, 39 ने कराया था पंजीकरण
बरेली, अमृत विचार। बीडीए ने 39 निवेशकों मैं से 23 के साथ प्राधिकरण क्षेत्र में निवेश के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी कर ली है। इससे बरेली में 362 करोड़ का निवेश तय हो गया है। चार निवेशकों के प्रस्ताव स्वीकृति की अंतिम प्रक्रिया में है और 12 और निवेशक बीडीए के संपर्क में हैं।
बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश में निवेशकों को लाने के लिए प्रयासरत है। इस क्रम में बीडीए यूपी के साथ दूसरे राज्यों के निवेशक भी बरेली लाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने बताया कि बरेली विकास क्षेत्र के तहत आवासीय तलपट मानचित्र/ग्रुप हाउसिंग, स्वास्थ्य सेवा, होटल, पेट्रोल पंप, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, कॉन्फ्रेंस हॉल और दूसरी सार्वजनिक सुविधाओं में भागीदारी के रूप में लगभग 39 निवेशकों ने 2950 करोड़ के निवेश के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें से बीडीए ने 23 प्रस्तावों का मानचित्र स्वीकृत कर लगभग 362 करोड़ के निवेश की स्वीकृति तय की है।
बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से लगभग चार सौ करोड़ के प्रस्तावित निवेश के चार प्रस्तावों के मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं और 12 प्रकरणों में निवेशकों ने अभी प्राधिकरण को मानचित्र उपलब्ध नहीं कराए हैं। बीडीए के अफसर लगातार उनके संपर्क में है और यह औपचारिकता पूरी कराने की कोशिश कर रहे हैं।
ये प्रस्ताव पाइप लाइन में : एसएस मल्टी केयर हॉस्पिटल, मैक्स लाइफ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, ट्राइज मेडिकल इन्स्टीटयूट, मेसर्स महाजीवन दीप मेडिकेयर, विनायक होटल एंड रिसोर्ट, आधार इन्फ्राबिल्ड, काबेरी इंटरप्राइजेज, गोविंद धाम कॉलोनी, जेएचएम इन्फ्रा होम्स, गिरीराज बिल्डर्स एंड डेवलपर्स, गोल्डन आई इन्फ्रास्ट्रक्चर, रियल इमेज डेवलपर्स।
ये भी पढ़ें- बरेली: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बीजेपी ने कसी कमर, सांसद-विधायक कर रहे घर-घर जाकर जनसंपर्क
