समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर हादसे को लेकर पवार ने ‘देवेंद्रवासी’ कहकर साधा फडणवीस पर निशाना 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुणे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसे में 25 लोगों की मौत के बाद शनिवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए दावा किया कि कुछ लोगों ने उनसे कहा था कि इस तरह की दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले ‘देवेंद्रवासी’ हो जाते हैं। नागपुर और मुंबई के बीच 701 किलोमीटर लंबा समृद्धि एक्सप्रेस-वे फडणवीस के दिमाग की ऊपज समझा जाता है। 

फिलहाल विदर्भ के सबसे बड़े शहर से नासिक के भारवीर तक यह मार्ग चालू है। पिछले साल 12 दिसंबर को इस मार्ग को यातायात के लिए खोला गया था, लेकिन तब से इस पर कई हादसे हो चुके हैं और उन हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर एक बस के डिवाइडर से टकराने के बाद उसमें आग लगने से 25 यात्रियों की झुलस कर मौत हो गई, जबकि आठ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

पवार ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। मैंने भी इस मार्ग से एक बार सफर किया था। जब लोगों से मैंने उनका अनुभव पूछा तो उन्होंने मुझे बताया कि समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर हादसे में जो व्यक्ति अपनी जान गंवाता है,वह देवेंद्रवासी बन जाता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ एक्सप्रेस-वे पर काम वैज्ञानिक ढंग से नहीं किया गया और यह कई हादसों की वजह हो सकता है। मृतकों के परिजनों के लिए पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि समाधान नहीं है। विशेषज्ञों की एक समिति ऐसे हादसों को रोकने के लिए बनायी जानी चाहिए।’’ 

ये भी पढे़ं- हर किसान को मिल रहा सालाना 50,000 रुपये का लाभ, यह वादा नहीं ‘मोदी की गारंटी’है

संबंधित समाचार