Unnao News : गंगा नहाने आए कानपुर के आठ युवक डूबे, एक की हुई मौत, गोताखोरों ने सात को बचाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में गंगा नहाने आए कानपुर के आठ युवक डूबे।

उन्नाव में गंगा नहाने आए कानपुर के आठ युवक डूब गए। जिसमें एक की मौत हो गई। गोतोखोरों ने सात को बचा लिया।

उन्नाव, अमृत विचार। बकरीद के त्योहार पर कानपुर के मीरपुर छावनी निवासी आठ युवक व किशोर गंगा नहाने शनिवार दोपहर रेलवे व पुराने यातायात पुल के नीचे पहुंचे थे। जहां नहाते समय सभी गहरे पानी में जाकर डूबने लगे। यह देख वहां मौजूद गोताखोरों ने किसी तरह सात को बाहर निकाला। वहीं एक युवक गहरे पानी में चला गया। जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।

बता दें कि मीरपुर छावनी निवासी मुस्ताक अहमद का इकलौता बेटा मोतसीम आलम (18) अपने साथी रमजान, अयान, कामरान, अफ़रान, तबरेज, असलान, शाहरुख घर से बकरीद के त्योहार पर घूमने जाने की बात कहकर निकले थे। जिसके बाद सभी शुक्लागंज के पुराने यातायात व रेलवे पुल के नीचे पहुंचे। जहां सभी गंगा में छपक छई करने लगे।

इसी बीच मोतसीम गहरे पानी में चला गया। यह देख साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया तो वे भी डूबने लगे। एक साथ आठ लोगों के डूबने से तट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। जिस पर गोताखोरों ने गंगा में छलांग लगाई और किसी तरह रमजान, अयान, कामरान, अफ़रान, तबरेज, असलान, शाहरुख को बाहर निकाला। वहीं मोतसीम गहरे पानी में चला गया। जिस पर गोताखोर उसे ढूंढते रहे।

करीब एक घंटे बाद उसे बाहर निकाला। इधर युवक के डूबने की सूचना पर गंगाघाट कोतवाल चंद्रकांत सिंह भी मौके पर पहुंचे। मोतसीम के डूबने की सूचना पर उसकी मां व परिजन तट पर पहुंचे। जहां इकलौते बेटे का शव देख मां बेहोश हो गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजन उसके जीवित होने की उम्मीद से इलाज के लिये उसे उर्सला ले गये। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

संबंधित समाचार