बरेली:  सर्किल रेट से पॉश इलाकों की दुकानों का होगा मूल्यांकन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुरानी दरों पर चला आ रहा है दुकानों का किराया, सभी अभिलेखों का रिकार्ड दर्ज होगा

बरेली, अमृत विचार। शहर में नगर निगम की सभी दुकानों, फड़, खाली भूमि का यदि वर्तमान सर्किल रेट पर किराया लिया जाए तो निगम की आय में वृद्धि हो सकती है। निगम के रिकार्ड में कई फाइलें गायब चल रही हैं। टैक्स की डिमांड अरबों में है लेकिन उसकी वसूली नहीं है। कई संपत्तियां दर्ज नहीं, लेकिन अब संपत्तियों का वर्तमान बाजार मूल्य पर मूल्यांकन कर किराया तय करना होगा। निगम की संपत्तियों के इस अव्यवहारिक टैक्स प्रणाली और वित्तीय अभिलेखों का प्रमुख सचिव ने संज्ञान लिया है।

निगम की कई संपत्तियां आज भी पुराने किराया दर पर चल रही हैं। जबकि उसी क्षेत्र में उतने ही एरिया की दुकान का किराया कई गुना ज्यादा है। नगर निगम में कर-करेत्तर वसूली व वार्षिक बजट की वसूली प्रगति की समीक्षा के बाद तय किया गया है कि अब निगम की संपत्तियों का पूरा ब्योरा अभिलेखों में दर्ज करना होगा। उसे डिजिटलाइज किया जाएगा। प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने नगर निगम की सभी व्यावसायिक संपत्तियों के किराये का तत्काल पुनरीक्षण करते हुए उसे मौजूदा बाजार दरों के समान लाने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख सचिव के आदेश का पालन किया गया तो नगर निगम क्षेत्र में सभी दुकानें, फड़, निगम की खाली किराये की भूमि को रजिस्टर पर दर्ज करना होगा। इन संपत्तियों का मौजूदा बाजार दर पर किराया वसूल करना होगा। इसके अलावा निगम की संपत्ति पर अन्य लोगों का कब्जा है तो उसे भी दर्ज करना होगा। 

अनुमान है कि निगम की संपत्ति पर 60 प्रतिशत शिकमी किरायेदार हैं, यानि जिन्हें निगम ने संपत्ति आवंटित की उन्होंने दूसरों को किराये पर दे दी। लगभग 70 प्रतिशत संपत्ति का बिना अनुमति स्वरूप परिवर्तन कर दिया गया है। इसका आर्थिक दंड वसूलते हुए संबंधित के आवंटन पर विचार किया जाएगा। प्रमुख सचिव की मंशा है कि निगम की संपत्ति का यदि किसी ने स्वरूप परिवर्तन भी किया है तो वह इस प्रक्रिया से सामने आ जाएगा। टैक्स के साफ्टवेयर में अरबों की डिमांड तो दर्ज है लेकिन वसूली नहीं होती है। इसका भी संज्ञान लिया गया है। नगर आयुक्त के निर्देश के बाद भी बोगस डिमांड को हटाने में जोनल अफसरों ने रूचि नहीं ली है। प्रमुख सचिव ने निर्देश दिये हैं कि टैक्स की नकली या फर्जी मांग को तत्काल पहचान कर एक माह में उसे हटाया जाए।

ये भी पढे़ं- बरेली:  गर्मियों की छुट्टियों के बाद 3 जुलाई से खुलेंगे परिषदीय स्कूल, तैयारियां शुरू

संबंधित समाचार