लखनऊ: रिवर फ्रंट पर नदी में उतराता मिला लापता युवक का शव, पिता ने प्रेमिका के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
लखनऊ/अमृत विचार। गोमतीनगर थानाक्षेत्र अन्तर्गत समता मूलक चौराहे के समीप रिवर फ्रंट पर शनिवार सुबह एक लापता युवक का शव नदी में उतराता मिला। शुक्रवार सुबह से युवक लापता था। देर शाम युवक ने परिवारिक सदस्यों के वाट्सएप ग्रुप पर मैसेज भेजा। जिसमें उसने लिखा था कि "मेरी फैमिली व स्वीटी का ख्याल रखना"।
किसी अनहोनी की आशंका पर परिजन युवक को रातभर तलाशते रहे। बावजूद इसके उसका कहीं सुराग नहीं मिला। छानबीन के दौरान रिवर फ्रंट पर उसकी स्कूटी लावारिश हालत में खड़ी मिली। स्कूटी में युवक का पर्स और मोबाइल भी बरामद हुआ। शव मिलने के बाद मृतक के पिता ने बेटे की प्रेमिका स्वीटी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है।
गोमतीनगर प्रभारी निरीक्षक दीपक पांडे ने बताया कि विवेकखण्ड निवासी सौरभ कुमार (20) कठौता स्थित एक डेंटल क्लीनिक में नौकरी करता था। पिता दिनेश उर्फ गुड्डू गोमतीनगर रेलवे स्टेशन के समीप भेल-पूरी और चाट का ठेला लगाते हैं। पिता दिनेश के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सौरभ घर से क्लीनिक की बात कहकर निकला था। वहां से सौरभ क्लीनिक का कुछ सामान लेकर मुंशी पुलिया पर देने गया था। देर शाम सौरभ ने पारिवारिक सदस्यों के वाट्सग्रुप पर एक मैसेज भेजा। जिसमें उसने लिखा था कि 'मेरी फैमिली व स्वीटी का ख्याल रखना"।
मैसेज पढ़ने के बाद परिजन रात भर सौरभ की तलाश में भटकते रहे। इसी दौरान परिजनों को रिवर फ्रंट के समीप सौरभ की स्कूटी लावारिश हालत में खड़ी होने की सूचना मिली। वहां पहुंचने पर परिजनों को सौरभ की स्कूटी पर हेलमेट और डिग्गी में पर्स के साथ मोबाइल बरामद हुआ।
पिता दिनेश ने बताया कि स्कूटी के पास बेटे की प्रेमिका स्वीटी भी मौजूद मिली। स्वीटी के माध्यम से पता चला कि सौरभ ने रिवट फ्रंट से नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस नदी में रेस्क्यू करने में जुटी गई। शनिवार सुबह गोताखोरों ने सौरभ का शव समता मूलक चौराहा स्थित रिवर फ्रंट के पक्का पुल के पास से बरामद किया।
सड़क पर शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन
पोस्टमार्टम के बाद परिजन सौरभ का शव लेकर घर के लिए रवाना हो गए। गोमतीनगर रेलवे स्टेशन के समीप नवाबपुरवा चौराहे पर परिजनों ने शव रखकर प्रदर्शन करना शुरु कर दिया। मृतक की मां संगीता ने बताया कि स्वीटी उनकी दूर की रिश्तेदार है। स्वीटी के माता -पिता की मौत हो चुकी है। करीब दो माह पहले परिजनों को बेटे के प्रेम-सम्बन्ध की जानकारी हुई।
हालांकि, मृतक के परिजन को उनके रिश्ते पर सहमति नहीं था। चार दिन पूर्व परिजनों ने सौरभ को समझाया भी था। जिसके बाद से उसने उनकी बात मान ली थी। आरोप है कि जब यह जानकारी स्वीटी को हुई तो वह सौरभ से शादी का दबाव बनाने लगी। पिता दिनेश की लिखित शिकायत पर स्वीटी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें:-Video: यूपी रोडवेज की चलती बस में कंडक्टर बना रहा था महिला से शारीरिक संबंध, वीडियो हुआ वायरल
