48 घंटे के अंदर मासूम समेत दो की हत्या से दहला रामपुर
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर किशोर ने की मासूम की हत्या, घर का इकलौता चिराग था मासूम
रामपुर, अमृत विचार। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 48 घंटे के अंदर छह वर्षीय मासूम समते दो की हत्याओं से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि मासूम की हत्या में पुलिस ने 14 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि सिविल लाइन के रायपुर गांव में शुक्रवार को मिले युवक की हत्या के मामले में पुलिस खाली हाथ है।
सिविल लाइन क्षेत्र में 48 घंटे के अंदर दो हत्याएं हो चुकी हैं। पहली हत्या सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव वजीनगर में बिजली मिस्त्री की हुई। जबकि दूसरे ही दिन (शनिवार) पिता के जन्मदिन के लिए चॉकलेट लेने गए छह वर्षीय मासूम की 14 वर्षीय किशोर ने सिर कूचकर हत्या कर दी। भाजपा कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर आगापुर बाईपास के किनारे जंगल में मासूम का शव मिला। बच्चे के शरीर पर कपड़े भी नहीं थे। उसकी आंखें भी बाहर निकल आईं थी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
पिता योगेंद्र यादव ने बताया कि सुबह साढ़े नौ बजे से मेरा लड़का गायब था। जांच पड़ताल की तो हाईवे किनारे युग का शव देखा। शरीर पर कपड़े भी नहीं थे। सिर कूंचा हुआ था। आंखे भी बाहर आ गईं थी। मैं ड्यूटी से घर आया तो वह घर पर नहीं था। युग मेरे घर का इकलौता चिराग था। मेरी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।
जिद करके पैसे ले गया था युग
पिता का कहना था कि जब वह नौ बजे ड्यूटी लिए गया था तो उसके बेटे ने उससे 10 रूपये चॉकलेट लाने के लिए मांगे थे। जिद करने पर उसको वह पैसे देकर चला गया था। उसके साथ पड़ोस का रहने वाला एक लड़का भी गया था। उसी से जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारा जुर्म कबूल कर लिया।
मार्च के माह में हुआ था उसका एडमिशन
मृतक युग के पिता का कहना है कि मार्च माह में पास में स्थित फर्स्ट इम्प्रेशन स्कूल में उसका दाखिल कराया था। वह एलकेजी में पढ़ता था। जहां वह कुछ दिन के लिए वह पढ़ने गया था। अब तीन जुलाई को फिर से स्कूल खुलने के बाद जाना शुरू करता।
आसपास लगे कैमरों को किया गया था तलाश
मासूम की हत्या के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने घटना का खुलासा करने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद ली थी। बाद में पुलिस किशोर को लेकर अपने साथ ले आई थी। जहां सख्ती से पूछताछ करने के बाद सारी घटना का खुलासा हो गया।
ये भी पढ़ें : रामपुर: छह साल के बच्चे की ईंट से कुचलकर हत्या, पिता के जन्मदिन पर चॉकलेट लेने गया था मासूम
