Kanpur News: शहर को एक और नया स्टेशन मिल सकता है, इस तरह बनाई गई योजना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर शहर को एक और नया स्टेशन मिल सकता है।

कानपुर शहर को एक और नया स्टेशन मिल सकता है। 35 लाइन वाले यार्ड को रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किए जाने की योजना है।

कानपुर, अमृत विचार। शहर को एक और नया स्टेशन मिल सकता है। ऐसा माना जा रहा है कि नया रेलवे स्टेशन मिलने के बाद सेंट्रल पर ट्रेनों के लोड को कम किया जा सकता है। नए रेलवे स्टेशन के लिए सांसद सत्यदेव पचौरी ने रेलवे अधिकारियों को सुझाव दिया है। जिस पर अधिकारियों की ओर से प्रस्ताव तैयार किए जाने की बात कही गई है। 

नए रेलवे स्टेशन के रूप में जूही यार्ड को विकसित किया जाना है। रेलवे अधिकारियों के सामने जो योजना रखी गई उसमें कानपुर सेंट्रल में आने वाली दिल्ली हावड़ा रूट की ट्रेनों को नए स्टेशन की ओर स्थानांतरित किया जाना है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि इससे सेंट्रल पर यात्रियों को सहूलियत और सेंट्रल पर ट्रेनों के दबाव को कम किया जा सकता है।

तर्क यह भी दिया गया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास जिस तरह से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन है उसी के तर्ज पर कानपुर में भी नया स्टेशन विकसित किया जा सकता है। रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के सामने रखी गई इस योजना पर अधिकारियों ने इसे वर्ष 2023-24 अंब्रेला वर्क के तहत प्रस्ताव बनाने की बात कही है। 

यह है योजना

योजना के तहत जूही यार्ड में इस वक्त 35 रेलवे लाइन मौजूद हैं। ऐसे में यदि इनमें 10 से 12 रेलवे लाइनों को माल गाड़ी के लिए आरक्षित कर भी दिया जाए तो भी बाकी बची रेलवे लाइन में दिल्ली-हावड़ा रूट की मेल एक्सप्रेस ट्रेनों को यहां पर रोका जा सकता है। इन ट्रेनों को बिना कानपुर सेंट्रल आए हुए नए बने स्टेशन वाया जूही यार्ड होते हुए संचालित किया जा सकता है। प्लान के अनुसार जिस जगह नया स्टेशन बनाए जाने की योजना है वहां पर पर्याप्त जमीन भी रेलवे के पास मौजूद हैं। ऐसे में नए स्टेशन के लिए रेलवे प्रशासन को किसी तरह की जमीन तलाशने की जरूरत नहीं हैं।

संबंधित समाचार