हरदोई : होमगार्डों की दबंगई, महिला को निर्वस्त्र कर पीटते हुए गांव में घुमाने का आरोप
हरदोई, अमृत विचार। खेत पर कब्ज़ा करने के लिए उतारू दबंग होमगार्डों ने महिला को पहले निर्वस्त्र कर उसकी पिटाई की,उसके बाद उसे पूरे गांव में घुमाया और धमकी दी कि अगर कोई कदम उठाया तो अंजाम इससे भी खतरनाक होगा। महिला का कहना है कि आरोपी होमगार्ड है,तभी पुलिस कोई सुनवाई करने से कतरा रही है।
बताया गया है कि लोनार थाने के एक गांव की महिला ने एसपी को दी तहरीर में कहा है कि उसके गांव के रहने वाले होमगार्ड उसके खेत पर जबरन कब्ज़ा करना चाहते हैं। जिसके लिए उन्होंने फर्ज़ी नोटिस भी तैयार की, साथ ही 20 जून को मारपीट करते हुए धमकी दी कि अगर मुंह खोला तो अंजाम बुरा होगा। इस पर महिला ने 23 जून को एसपी से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद शनिवार की सुबह महिला जब पूजा कर गाय के पास खड़ी थी,तभी वही आरोपी पहुंच गए और महिला को निर्वस्त्र कर उसकी पहले तो पिटाई की, उसके बाद उसी हालत में पीटते पूरे गांव में घुमाया। महिला का कहना है कि हमलावर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र और कानों के कुंडल लूट ले गए। उसका कहना है कि आरोपी होमगार्ड है,इसी वजह से पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही है।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : श्रद्धालुओं के लिए लागू किया गया डायवर्जन प्लान
