मुरादाबाद : 400 क्यूसेक पानी छोड़ने से रामगंगा-गागन का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन सतर्क
परेशानी : जिले में 34 बाढ़ चौकियों व शरणालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
कालागढ़ डैम से पानी छोड़े जाने के बाद बढ़ा रामगंगा नदी का जलस्तर।
मुरादाबाद, अमृत विचार। पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में भारी बारिश होने से जिले की नदियों में भी पानी का प्रवाह तेज हुआ है। हालांकि हरिद्वार में गंगा के जलस्तर में कमी से रामगंगा नदी मुरादाबाद में भी घटते क्रम में है। लेकिन रामगंगा नदी का कालागढ़ और गागन का जलस्तर बढ़ते क्रम में है। कालागढ़ में 400 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। इसे देखते हुए जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण नदियों के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है। राहत के लिए बाढ़ चौकी व शरणालयों की व्यवस्था की निगरानी बढ़ा दी गई है।
रविवार को रामगंगा नदी का कटघर रेलवे पुल के पास जलस्तर उतार के क्रम में रहा। यहां पानी चेतावनी स्तर 190.60 मीटर की तुलना में 187.93 मीटर रहा। जबकि रामगंगा नदी कालागढ़ में 400 क्यूसेक डिस्चार्ज होने से जलस्तर 333.35 मीटर रहा। जो चेतावनी स्तर 366.30 मीटर से 32.95 मीटर कम है। जबकि गागन नदी का मुरादाबाद में जलस्तर चेतावनी लेवल से सिर्फ 2.55 मीटर ही नीचे है।
जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण की ओर से जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए 34 बाढ़ चौकी, 22 बाढ़ शरणालयों में व्यवस्था की जानकारी ली जा रही है। नदियों का जलस्तर पता किया जा रहा है। फिलहाल जिले में सभी तटबंध सुरक्षित बताया जा रहा है। रविवार को न्यूनतम तापमान 23 और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह 8.47 मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश कम होने से बाढ़ बचाव के उपाय करने में प्रशासनिक टीम को आसानी हुई।
जिला आपदा विशेषज्ञ पंकज मिश्र ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में आपदा प्रबंध प्राधिकरण में बाढ़ नियंत्रण कक्ष से नदियों के जलस्तर की रिपोर्ट लेकर संबंधित तहसील क्षेत्र के उप जिलाधिकारी और तहसीलदार को भेजा जा रहा है। इसके अनुसार उन्हें अपने तहसील क्षेत्र में व्यवस्था रखने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में बाढ़ कंट्रोल रूम के नंबर 0591-2412728 और मोबाइल नंबर 9454416867 व टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना का आदान प्रदान किया जा सकता है। जिला मुख्यालय के अलावा तहसील स्तर पर भी बाढ़ कंट्रोल रूम सक्रिय है। सदर तहसील में 0591-2971370, कांठ में 0591-2974411, बिलारी में 0591-270011 और ठाकुरद्वारा में 0591-2241231 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कांवड़ यात्रा के चलते शहर के बाहर बनाए तीन अस्थायी बस स्टैंड, जानें रूट डायवर्जन का प्लान
