संभल : कांवड़ यात्रा को लेकर रूट डायवर्जन प्लान तैयार, पांच पार्किंग स्थल बने
कांवड़ यात्रा के दौरान रहेगी कड़ी निगरानी और सुरक्षा
कांवड़ यात्रा मार्ग, यातायात मार्ग एवं भारी वाहनों की पार्किंग का प्लान।
संभल, अमृत विचार। सावन में प्रत्येक सोमवार को शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करने को लेकर पुलिस विभाग ने रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है। सावन में प्रत्येक शनिवार को सुबह आठ बजे से सोमवार की शाम छह बजे तक कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए रूट डायवर्जन रहेगा। वाहनों के लिए पांच पार्किंग स्थल भी बनाए गए हैं।
कांवड़ यात्रा को लेकर तैयार किए गए रूट डायवर्जन प्लान के तहत मुरादाबाद की ओर से संभल होकर दिल्ली जाने वाले वाहन व मुरादाबाद से चंदौसी होकर दिल्ली, अलीगढ़, आगरा जाने वाला यातायात बिलारी में सिरसी तिराहा से हजरतनगर गढ़ी, सिरसी-बिलारी तिराहे से संभल आने वाले वाहनों को चौधरी सराय चौकी से वाया खिरनी तिराहा से गवां, केसरपुर तिराहा से रजपुरा, नूरपुर तिराहा से इंदिरा चौक बबराला, नेहरू चौक गुन्नौर से नरौला पुल होकर गंतव्य की ओर जाएगा। बदायूं से चंदौसी होकर दिल्ली, अलीगढ़ एवं आगरा की तरफ जाने वाला यातायात चंदौसी में धन्नूमल तिराहा से चंदौसी बाईपास, सिम्स कॉलेज बाईपास से संभल तिराहा, संभल में चौधरी सराय चौकी होकर रजपुरा व गुन्नौर से नरौरा पुल होकर जाएगा।
इस्लामनगर रोड से बहजोई होकर दिल्ली एवं अलीगढ़ जाने वाला यातायात बहजोई से इस्लामनगर चौराहा से संभल तिराहा, बहजोई से बेहटा जयसिंह चौराहा से टिकटा रोड, रजपुरा से नूरपुर तिराहा, इंदिरा चौक बबराला, नेहरू चौक गुन्नौर से नरौरा पुल होकर जाएगा। दिल्ली एवं अलीगढ़ से नरौरा पुल होकर चंदौसी, संभल, मुरादाबाद जाने वाला यातायात नरौरा पुल से नेहरू चौक गुन्नौर, इंदिरा चौक बबराला, नूरपुर तिराहा बबराला से रजपुरा, गवां से चौधरी सराय चौराहा संभल से चंदौसी चौराहा होकर आगे बढ़ेगा। दिल्ली एवं अलीगढ़ से नरौरा पुल होते हुए बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ की तरफ वाला यातायात नेहरू चौक गुन्नौर से सहसवान, बदायूं होते हुए बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ जाएगा। सहसवान, बदायूं की ओर से दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन नेहरू चौक गुन्नौर से नरौरा पुल होकर जाएंगे।
यहां रहेगा भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध
चंदौसी से बहजोई, पाठकपुर, धनारी, कैल, इंदिरा चौक बबराला, राजघाट तक किसी भी तरह के भारी व्यावसायिक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जोया मार्ग पर मनोटा पुल से असमोली होकर संभल की ओर तथा संभल से पातालेश्वर मंदिर से बहजोई मार्ग पर किसी भी भारी व्यवसायिक वाहन का संचालन नहीं होगा। चौधरी सराय चौराहा से सैदनगली, हसनपुर, गजरौला मार्ग पर किसी भी तरह के भारी वाहन का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इंदिरा चौक बबराला से नूरपुर तिराहा रजपुरा मार्ग पर भारी वाहन वन वे मार्ग पर ही चलेंगे। राजघाट इंदिरा चौक बबराला से नूरपुर तिराहे तक सड़क के आधे भाग में कांवड़ियों का आवागमन रहेगा। इस मार्ग पर बैरियर तथा सड़क लाइन द्वारा सड़क का विभाजन किया जाएगा।
यहां बनाए गए पार्किंग स्थल
चंदौसी तथा चंदौसी बाईपास संभल रोड पर वाहनों की अधिकता होने पर मुरादाबाद की तरफ से आने वाले वाहनों की पार्किंग राधा गोविंद इंस्टीट्यूट तथा पास में खाली मैदान के पास होगी। केसरपुर तिराहा तथा रजपुरा मार्ग पर गंगा एक्सप्रेस वे के मैदान में पार्किंग कराई जाएगी। केसरपुर तिराहा की ओर से आने वाले भारी वाहनों की रजपुरा शुगर मिल के अंदर तथा सड़क के किनारे पार्किंग होगी। इंदिरा चौक बबराला में कृषि उत्पादन मंडी बबराला में पार्किंग कराई जाएगी। इस्लामनगर चौराहा बहजोई से चंदौसी मार्ग की कांवड़ियों की संख्या एवं ट्रैफिक की अधिकता होने पर संभल तिराहा के निकट बड़े मैदान और बहजोई में भारी वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कांवड़ यात्रा के चलते शहर के बाहर बनाए तीन अस्थायी बस स्टैंड, जानें रूट डायवर्जन का प्लान
