संतकबीरनगर: मजदूरी मांगने पर दबंगों ने मजदूर को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, पत्नी और बच्चे घायल
धनघटा, संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र के ग्राम भरवल पर्वता में धान की रोपाई की मजदूरी मांगने पर दबंगों ने सोमवार की सुबह फावड़ा व बांस से मारकर 45 वर्षीय मजदूर को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धनघटा थानाक्षेत्र के ग्राम भरवल पर्वता निवासी वकील शर्मा के परिवार के लोग रविवार को इसी गांव के निवासी विजय पाल पुत्र गुड्डू पाल के खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। देर रात तक रोपाई होने के बाद भी थोड़ा सा खेत बाकी रह गया। धान की रोपाई कर रहे वकील शर्मा व अन्य मजदूर उनसे मजदूरी मांगने लगे तो उन्होंने पूरे खेत की रोपाई के बाद मजदूरी देने की बात कह कर उन्हें टाल दिया।
सोमवार की सुबह जब वकील शर्मा के परिवार के लोग धान की रोपाई करने पहुंचे तो विजय पाल पुत्र गुड्डू पाल से मजदूरी को लेकर कहा सुनी शुरू हो गई। जिससे उक्त विजय पाल ने अपने भाई अजय पाल को भी मौके पर बुला लिया। बांस के डण्डे व फावड़े से दोनों भाइयों ने मिलकर वकील शर्मा को मारना शुरू कर दिया। वकील शर्मा अपनी जान बचाने के लिए खेत से घर की तरफ भागा। वह अपने घर के पास पहुंचा ही था कि उक्त अजय पाल और विजय पाल ने उसे घर में घुसने नहीं दिया और घर के सामने सीसी रोड पर ही डंडे व फावड़े से पीटकर उसे लहूलुहान कर दिया।
वकील शर्मा सीसी रोड पर गिरकर तड़पने लगा। बीच-बचाव करने पहुंचे वकील शर्मा की पत्नी सुनीता देवी, बेटी आरती व आरुषि, बेटे सोनू शर्मा को भी दबंगों ने पीटकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना में वकील शर्मा समेत 6 लोग बुरी तरह से घायल हो गए।
घायलों को ग्रामीणों ने किसी तरह से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने देखते ही वकील शर्मा को मृत घोषित कर दिया। शेष घायलों का उपचार जारी है। मौत की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और पूरे परिवार में कोहराम मच गया। इसी बीच किसी ने धनघटा पुलिस को सूचित कर दिया। मौके पर पहुंची धनघटा पुलिस ने मृतक वकील शर्मा पुत्र रामदास शर्मा के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस बारे में बात करने पर अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। शीघ्र ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: नालियां ही नहीं सड़कें भी बनेंगी मच्छरों का ठिकाना, बढ़ाएंगे परेशानी
