लखीमपुर-खीरी: युवक की पिटाई कर तीन राउंड की फायरिंग, दहशत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाल-बाल बचा युवक, एक नामजद तीन अज्ञात के खिलाफ दी तहरीर

DEMO IMAGE

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। मामूली विवाद होने से नाराज मोहल्ला सिकटिहा निवासी एक युवक अपने दो साथियों के साथ डीसी रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी पहुंचा और कॉलोनी में रहने वाले एक युवक की पिटाई कर दी।

हमलावरों से किसी तरह से छूटकर आरोपी जब भागा तो हमलावरों ने उस पर एक के बाद तीन राउंड गोली चलाई। गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गया। घटना से कॉलोनी में दहशत फैल गई। पीड़ित ने तीन लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर चालान भेजा है।

कांशीराम कॉलोनी निवासी विवेक मौर्या ने बताया कि उसका रविवार की शाम मोहल्ला सिकटिहा निवासी शोभित वर्मा से मामूली विवाद हो गया था। इससे नाराज शोभित वर्मा रात करीब 10 बजे उसके घर पर आया। तीनों हमलावरों के पास असलहे थे। वह कुछ समझ पाते। इससे पहले हमलावरों ने उसे पकड़ लिया।

सीने पर तमंचा लगाकर पिटाई करने लगे। वह किसी तरह से हमलावरों के हाथ से छूटा तो भागकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसे दौड़ा लिया और एक के बात एक तीन राउंड गोलियां चलाईं, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग होने से कॉलोनी में दहशत फैल गई।

तमाम लोगों के आने पर तीनों हमलावर फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले। पीड़ित विवेक मौर्या ने शोभित वर्मा को नामजद करते हुए दो अज्ञात लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी शोभित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है। प्रभारी निरीक्षक सदर चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: साथ में बैठकर पहले पी शराब...दोस्त पर फावड़े से किया वार, मौत 

संबंधित समाचार