हल्द्वानी: गौलापार के 6 गांवों में 7 अवैध कॉलोनियों पर लटकी तलवार
जिला विकास प्राधिकरण की संयुक्त सचिव एवं सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने सोमवार को पूरी की जांच
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौलापार के 6 गांवों में कृषि भूमि पर अवैध ढंग से बसाई जा रही 7 कॉलोनियों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। जिला विकास प्राधिकरण ने इन कॉलोनियों की जांच पूरी कर ली है। मंगलवार तक यह जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी दी जाएगी।
डीएम वंदना सिंह ने सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह को गौलापार में अवैध ढंग से बसाई जा रही कॉलोनियों में जांच के निर्देश दिए थे। इधर, सिटी मजिस्ट्रेट ने सोमवार को गौलापार के गांवों में पहुंची और एक-एक कॉलोनी का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, वैसे तो ये गांव जिला विकास प्राधिकरण के दायरे से बाहर हैं लेकिन रेरा के अंतर्गत आते हैं।
इन गांवों में रेरा के मानकों को ताक पर रखकर अवैध कॉलोनी बनाई जा रही हैं। इन कॉलोनियों के लिए रेरा से कोई भी अनुमति नहीं ली गई है। सिटी मजिस्ट्रेट ने सभी कॉलोनियों के खिलाफ जांच पूरी कर ली है, संभावना है कि वह मंगलवार तक जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप देंगी। इसके बाद डीएम ने इन अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रेरा को लिख सकती हैं।
इन गांवों में हुई जांच
गौलापार के देवपुर पोखरिया, मदनपुर, हरि सिंह पुर उर्फ लछमपुर,
रतनपुर, नरीपुर लामाचौड़, पदमपुर रैकुनी गांवों में कॉलोनियों की जांच पड़ताल की।
ये हैं मानक
1. भू उपयोग बदला जाना चाहिए अर्थात कृषि भूमि की 143 होनी चाहिए
2. रेरा से अनुमति लेनी अनिवार्य
3. सड़क, बिजली के खंभे, नालियां, एसटीपी, ग्रीन एरिया होना चाहिए
डीएम के निर्देशानुसार गौलापार के आधा दर्जन गांवों में सात कॉलोनियों का स्थलीय निरीक्षण किया गया है। इन कॉलोनियों की जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है। आज यह रिपोर्ट डीएम को सौंप दी जाएगी।
-ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी
