प्रयागराज : कांवड़ यात्रा की तैयारी पूरी, डीएम ने देखी व्यवस्था, दिये निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। मंगलवार से शुरू हो रहे कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह से सतर्क और तैयार हो चुका है। जहां मंगलवार की सुबह से दशाश्वमेध घाट से कावड़ यात्री आस-पास के शिव मंदिर सहित वाराणसी के विश्वनाथ मंदिर तक पैदल यात्रा शुरू करेगे। वही इस यात्रा को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानियां न हो इसके लिए कड़ा निर्देश दिया है। 

जिलाधिकारी संजय खत्री मंगलवार को कांवड़ यात्रियों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ संगम घाट सहित दशाश्वमेध घाट पहुंचे। जहां उन्होंने तैयार किये जा रहे घाटों का निरीक्षण किया। घाट पर प्रकाश, पेयजल, कपड़े बदलने के स्थान, शौचालय, प्राथमिकी इलाज सहित अन्य व्यवस्थाओ का जायजा लिया। उन्होने घाटों के साथ साथ पूरे मार्ग पर जगह जगह पर पुलिस बैरिकेट, ट्रैफिक डाइवर्जन, बीट पुलिसिंग, के साथ सभी प्रकार के सुरक्षा बलों को तैनात करने का निर्देश दिया है।

जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने बताया कि लगभग 200 मीटर लंबे घाट पर पूरी तरह से प्रकाश, पेयजल, कपड़े बदलने के स्थान सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था की जा रही है। डीप वाटर, बेरिकेटिंग के साथ जल पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पीएसी, और स्थानीय गोताखोर को तैनात किया गया है। कांवड़ मार्ग को दुरुस्त करने और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार कोई असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। वहीं महिला कांवड़ यात्रियों के लिए कपड़ो को बदलने के  लिये रूम की भी व्यवस्था की गयी है। 

सुरक्षा व्यवस्था पर उन्होने बताया कि कांवड़ यात्रा व्यवस्था के लिये नोडल अधिकारी और पुलिस उपायुक्त अभिषेक भारती को जिम्मेदारी सौंपी गयी है।  पुलिस उपायुक्त अभिषेक भारती ने बताया कि पूरे मार्गो में बैरिकेड व्यवस्था कर दी गई है, प्रयागराज से वाराणसी जाने वाले मार्ग को एकल परिचालन मार्ग में परिवर्तित कर दिया गया है। जगह-जगह पर पुलिस बीट की व्यवस्था की गई है, जिससे कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो सके तथा उनकी पूरी सुरक्षा की जा सके। इसके अलावा सीसीटीवी द्वारा कांवड़ यात्रा पर निगाह रखी जाएगी तथा मार्ग में पड़ने वाले घरों पर लगे सीसीटीवी कैमरा जोड़ दिया जा रहा है, ताकि दुर्घटना होने पर तुरंत कांवड़ यात्रियों को सहायता प्रदान की जा सके। 

इसके अलावा ड्रोन द्वारा भी पूरे कांवड़ मार्ग पर निगाह रखी जा रही है जल पुलिस के साथ-साथ पीएसी के तैराक और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को घाटों से लेकर सड़क मार्ग पर जगह-जगह तैनात किया जा रहा है। शासन द्वारा दिए गए आदेश के अनुसार पूरे मार्ग पर समुचित व्यवस्था की जा रही है। जिसकी देखरेख अपर पुलिस उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट के आधीन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि किसी भी प्रकार के आतंकवादी हमले की आशंका होने पर विशेष पुलिस दस्तों का चयन किया गया है। जिनके द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए कांवड़ यात्रियों को सुरक्षा प्रदान की जाएगी। डीजे के शोरगुल से किसी को कोई परेशानी ना हो इसके लिए सर्वोच्च न्यायालय के आदेश अनुसार डाक बम चलने वाले कावड़ यात्रियों को पहले से ही निर्देश दे दिए जा रहे हैं, ताकि किसी प्रकार के अश्लील और फूहड़ गानों को वह न बजाएं और ऐसा करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

यह भी पढ़ें : लिव इन रिलेशनशिप सामाजिक मर्यादा की कीमत पर स्वीकार्य नहीं : हाईकोर्ट

संबंधित समाचार