कोरोना के नए मामलों में भारत दुनिया में सबसे आगे : डब्ल्यूएचओ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जेनेवा। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि पिछले एक सप्ताह के दौरान भारत में कोरोना संक्रमण के करीब पांच लाख नए मामले सामने आने से विश्व में कोरोना संक्रमितों की …

जेनेवा। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि पिछले एक सप्ताह के दौरान भारत में कोरोना संक्रमण के करीब पांच लाख नए मामले सामने आने से विश्व में कोरोना संक्रमितों की संख्या में एक प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

डब्ल्यूएचओ के मुताबिक भारत में पिछले एक सप्ताह के दौरान कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक नए मामले सामने आने से दक्षिण-पूर्वी एशिया में संक्रमण के मामलों में इजाफा हुआ है। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि भारत में पिछले सात दिनों के दौरान कोरोना संक्रमण के करीब पांच लाख नए मामले सामने आए हैं जोकि दुनिया भर में सर्वाधिक हैं। भारत में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में सात दिनों के भीतर नौ प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

डब्ल्यूएचओ ने बताया कि दुनिया में कोविड-19 के कारण होने वाली मौतों में तीन प्रतिशत की कमी आई है। जबकि इस दौरान दुनिया भर में कोरोना संक्रमण के न‍ए मामलों में 18 लाख का इजाफा हुआ है। अमेरिका में इस महामारी का प्रकोप निरंतर बढ़ता ही जा रहा है, हालांकि अमेरिका के कुछ इलाकों में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में थोड़ी कमी आई है।

डब्ल्यूएचओ के मुताबिक पेरू, मैक्सिको, कोलंबिया और अर्जेंटीना ऐसे लैटिन अमेरिकी देश हैं जहां कोरोना संक्रमण के नए मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। यूरोप में पिछले सप्ताह के दौरान स्पेन, रूस, फ्रांस और यूक्रेन जैसे देशों में कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक नए मामले सामने आए हैं। इटली में भी कोरोना के नए मामलों में 85 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

संबंधित समाचार