Farrukhabad News: बसपा नेता अनुपम दुबे के सीज होटल में चोरी का प्रयास, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
फर्रुखाबाद में बसपा नेता के सीज होटल में चोरी का प्रयास।
फर्रुखाबाद में बसपा नेता अनुपम दुबे के सीज होटल में दीवार फांद कर चोरी का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। गैंगस्टर के मुकदमें में बसपा नेता का कुर्क कर सील किए गए होटल में रात में चोर घुस गए। उन्होंने ताला तोड़ दिए, इसकी भनक चौकीदार को नहीं लगी। पास के दुकानदार ने होटल परिसर में घूमते लोगों को देखा तो पुलिस को जानकारी दी। इससे थानाध्यक्ष फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। तहसीलदार सदर और सीओ सिटी ने होटल पहुंचे और गेट का ताला खोलकर निरीक्षण किया। बसपा नेता के परिजन भी वहां पहुंच गए। होटल के अंदर से कोई सामान चोरी न होने की जानकारी प्रशासन की ओर से दी गई है।
फतेहगढ़ के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे का कादरीगेट थाना क्षेत्र में ठंडी सड़क किनारे गुरुशरणम् नाम से होटल है। बसपा नेता हत्या व गैंगस्टर के मुकदमे में जेल में बंद चल रहे हैं। उनका होटल जून 2022 में सील कर तहसीलदार श्रद्धा पांडेय के सुपुर्द किया गया था। होटल प्रशासन और पुलिस की निगरानी में वहां एक चौकीदार भी तैनात है।
पुलिस की सतर्कता का चोरों ने सोमवार रात पोल खोल दी। पीछे दीवार से फांद कर चोर होटल में घुस गए। उन्होंने जनरेटर कक्ष के अलावा अन्य कमरों के ताले तोड़ दिया। सुबह पास में दुकानदार दुकान खोलने गया। उसने होटल के अंदर कुछ लोगों को घूमते देखा। उसकी कादरीगेट थानाध्यक्ष को जानकारी दी। चोर होटल से भाग चुके थे।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ला आनन फानन में फोर्स के साथ होटल पहुंचे और तहसीलदार श्रद्धा पांडेय व सीओ सिटी प्रदीप कुमार भी पहुंच गए। मुख्य गेट खोलकर अफसर अंदर गए। उन्होंने मीडिया को अंदर आने से रोक दिया। करीब दो घंटे तक होटल के अंदर सभी लोग जांच पड़ताल करते रहे। इसके बाद बाहर आए।
तहसीलदार श्रद्धा पांडेय ने बताया कि उनको चौकीदार ने दस बजे जानकारी दी कि कोई परिसर के अंधर घूम रहा है। वह होटल में आई और जांच पड़ताल की। चोरों ने कुछ कमरे और जनरेटर रुम का ताला तोड़ने का प्रयास किया। कुछ ताले टूट गए थे, लेकिन कोई सामान चोरी नहीं हुआ है। बसपा नेता के परिजन आ गए हैं। उनके सामने दूसरे ताला डालकर सील किया जाएगा।
