Sawan 2023 : Fatehpur में हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे शिवालय, उमड़ा आस्था का सैलाब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे शिवालय।

फतेहपुर में हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे शिवालय। सावन के पहले ही दिन भोर पहर से भोले भंडारी के दरबारों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।

फतेहपुर, अमृत विचार। देवों के देव महादेव की आराधना का श्रावस मास, मंगलवार से शुरू हो गया। 12 साल बाद बने अद्भुत संयोग के चलते दो महीने के सावन के पहले दिन भोले भंडारी की पूजा अर्चना को शिवालयों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। धूप, अगरबत्ती व हवन की सुगंध व घंटा,घड़ियाल व शंखनाद से दोआबा की धरा गूंज उठी।

इस बार सावन 31 अगस्त तक चलेगा। भोले भंडारी की बरसने वाली कृपा के इस दौर का इंतजार कर रहे भक्त, मंगलवार स्नान कर हाथ में पूजा की थाल लेकर शिवालय पहुंचे। तड़के से ही यह क्रम शुरू हो जाने से सुबह होते होते तमाम शिवालयों में भक्तों की भीड़ नजर आने लगी। शहर के तांबेश्वर मंदिर में चार बजे से ही शिव लिंग पर जलाभिषेक समेत पूजा पाठ शुरू हो गया।

भगवान शंकर को प्रसन्न करने के लिए भक्तों ने बेल पत्र, धतूरा, फूल व दूध चढ़ाकर जलाभिषेक किया।थवई के थवईश्वर मंदिर में भी दूर दराज से लोग पहुंचे। चांदपुर के गूढ़ेश्वर मंदिर में भी आस्था का सैलाब सारा दिन उमड़ता रहा। बिंदकी के कैलाश शिव मंदिर में भक्तों की मौजूदगी का अहसास शिवालय से उठती सुगंध कराती रही।

डूंडेश्वर मंदिर, किल्लेश्वर मंदिर के साथ मां ज्वाला मंदिर के शिवालयों में मत्था टेकने को दिन भर भक्त जुटते रहे। उधर ग्रामीणांचल में भी हर हर महादेव की गूंज सुनने को मिलती रही। शिव भक्त, अपने आराध्य की उपासना में लीन नजर आए। ज्योतिषाचार्य पंडित दुर्गादत्त शास्त्री ने बताया श्रावण मास, भगवान शंकर का महीना है। आराध्य को प्रसन्न कर मनचाहा वरदान हासिल किया जा सकता है। 
इनसेट-

संबंधित समाचार