मंत्री दयाशंकर सिंह ने कांवड़ यात्रा को लेकर यातायात प्रबंधन व्यवस्थित करने का दिया निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने मंगलवार को कहा कि सावन माह के दौरान कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बसों का संचालन, बसों एवं बस अड्डों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि सावन माह में बस अड्डों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है, इसे देखते हुए उन्होंने बसों की समुचित व्यवस्था करने तथा पड़ोसी राज्यों विशेषकर उत्तराखंड के परिवहन विभाग के अधिकारियों के संपर्क में रहने के निर्देश दिये।

परिवहन मंत्री के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए परिवहन आयुक्त चंद्र भूषण सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परिवहन आयुक्त, उत्तराखंड के साथ कांवड़ यात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं और प्रवर्तन कार्रवाई पर चर्चा की। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों में चलने वाली परिवहन निगम की बसों की संख्या बढ़ाने की व्यवस्था की गई।

इसके अलावा उत्तराखंड के आसपास के जिलों से बसों के फेरे बढ़ाने के साथ ही पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया, ताकि कांवड़ियों को कावड़ यात्रा से लौटते समय कोई दिक्कत न हो।

उप्र और उत्तराखंड के परिवहन आयुक्तों की वीडियो कॉन्फ्रेंस में लिए गए निर्णय के अनुसार प्रबंध निदेशक परिवहन निगम मासूम अली सरवर ने निर्देश दिए कि चालक किसी भी हालत में नशीली दवाओं का सेवन करके बस न चलाएं। इसके साथ ही उन्होंने परिवहन निगम की बसों में यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार करने की भी हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि परिवहन निगम की बसों में यात्रियों के साथ वैसा ही व्यवहार होना चाहिए, जैसा हम अपने घर आए मेहमान के साथ करते हैं। उन्होंने कहा कि इन यात्रियों द्वारा खर्च किए गए पैसे से ड्राइवरों और कंडक्टरों के परिवारों का भरण-पोषण होता है।

ये भी पढ़ें -लखनऊ : बृजलाल खाबरी ने BJP पर साधा निशाना, कहा - सरकार की नाकामियों का परिणाम भुगत रही जनता

संबंधित समाचार