संभल: सेवानिवृत्त फौजी के मकान से बंदूक व कारतूस सहित लाखों की चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चचेरी बहन की शादी में शामिल होने परिवारजन गांव गए थे, कबीर गली सीकरी गेट का मामला, युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस

संभल/ चन्दौसी, अमृत विचार। जीने की कुंडी खोल कर चोर सेवानिवृत्त फौजी के मकान में घुस गए। चोर यहां से लाइसेंसी बंदूक, सात कारतूस, 60 हजार रुपये, छह लाख रुपये के जेवर व बर्तन आदि समेट कर ले गए। मंगलवार की सुबह पहुंचे परिजन कमरों में सामान बिखरा देख सन्न रह गए। जीने के दरवाजे की कुंडी खुली थी। घर में रखी नकदी, जेवर, बंदूक, कारतूस गायब थे। सूचना पर सीओ व एसओजी ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 

मूल रूप से कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव फैजुल्लापुर निवासी वीरेशपाल सिंह सेना से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ नगर के सीकरी गेट में मकान बनाकर रहते हैं। वीरेश 29 जून को चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए परिवार के साथ गांव गए थे। घर पर ताला लगा था। मंगलवार की सुबह नौ बजे उनकी पत्नी स्नेहलता, पुत्र सुरजीत व अन्य परिजन घर पहुंचे। मुख्यद्वार का ताला खोल कर अंदर पहुंचे तो कमरों की हालत देख सन्न रह गए।

 सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व बैड का कवर्ड खुला था। परिजनों ने तुरंत घटना की सूचना वीरेश पाल सिंह को दी। कुछ देर बाद वह भी पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद सीओ प्रदीप कुमार भी पहुंच गए और घटना की जानकारी की। लाइसेंसी बंदूक चोरी की बात सामने आने पर घटना के खुलासे के लिए एसओजी को भी लगाया गया। एसओजी प्रभारी विद्युत गोयल ने अपनी टीम के घटनास्थल का निरीक्षण किया।

वीरेशपाल सिंह ने बताया कि चोर छत पर पहुंचे और जीने के दरवाजे में बने सुराख में हाथ डालकर अंदर से कुंडी खोल ली। इसके बाद चोर मकान में घुस गए। बताया कि चोर उसके घर से लाइसेंसी बंदूक, सात कारतूस, 60 हजार रुपये, सोने का हार, दो सोने की चेन, सोने की चार चूड़ी, सोने की दो झुमकी, चार जोड़ी चांदी की पाजेब, एलसीडी, सोने का टीका, पीतल के बर्तन आदि चोरी कर ले गए। एसओजी ने पुलिस के साथ मिलकर शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। 

घर में रोशनी करने को चोरों ने जलाए कागज 
वीरेशपाल सिंह के मकान में जब चोर घुसे उस समय बिजली नहीं थी। रोशनी करने के लिए चोरों ने स्टील की प्लेट में घर से कागज एकत्र करके जलाया। कागज की रोशनी में उन्होंने घर का सामान समेटा। वीरेश 29 जून को परिवार के साथ गांव गए थे। वहां से वह चार जुलाई को लौटे। चोरी किस दिन हुई है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस को तहरीर दे दी गई है।

मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली है। एसओजी को भी लगाया गया है। शक के आधार पर एक युवक से पूछताछ की जा रही है। जल्दी ही खुलासा कर दिया जाएगा। -प्रदीप कुमार, सीओ

ये भी पढ़ें:- रामपुर : धान रोपाई करने गए तीन किशोरों समेत छह की हालत बिगड़ी

संबंधित समाचार