अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति से महिलाएं सुरक्षित: मुख्य सचिव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/अमृत विचार। प्रदेश सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति से आज महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। चाहे शिक्षा जगत हो या खेल मैदान या फिर व्यवसाय व नौकरी सभी जगह बेटियां आगे बढ़कर नित नये आयाम स्थापित कर रही हैं। यह बातें मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने मंगलवार को गोमती नगर स्थित लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में कही। 

मुख्य सचिव ने एक कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ग्राम नाटाराम निवासी साइक्लिस्ट आशा मालवीय को साइकिल व स्पोर्ट्स किट देकर सम्मानित किया। बताया कि एथलीट आशा पिछले वर्ष मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस 1 नवंबर 2022 को भोपाल से ‘महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण’ के प्रति जन-जन को जागरूक करने के उद्देश्य से अकेले 25 हजार किमी साइकिल यात्रा पर निकली हैं। आशा एक राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी व पर्वतारोही भी हैं। जो कुछ दिन पूर्व अपनी यात्रा के क्रम में 23वें राज्य के रूप में उत्तर प्रदेश पहुंची हैं और अब तक 22 राज्यों में 19 हजार किमी से ज्यादा दूरी की साइकिल यात्रा कर चुकी हैं।

आशा ने बताया कि वह रात में भी साइकिलिंग करतीं हैं और अकेले चलने में खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं। इससे यह दिखता है कि कैसे हमारे देश में महिलाओं के जीवन में बड़ा परिवर्तन आ रहा है। मुख्य सचिव ने आशा की इस पहल की प्रशंसा कर हौसला बढ़ाया।

कहा कि आशा की यह यात्रा दर्शाती है कि बदलते दौर का यह भारत महिलाओं के लिए कितना सुरक्षित है। मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने आशा को नारी सशक्तिकरण का जीवंत उदाहरण बताया और सराहना की। इस दौरान उपाध्यक्ष डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार ने भी अपने विचार व्यक्ति किए।

11वें तल से देखा शहर का नजारा, ग्रीन बेल्ट को सराहा
कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचिव ने साइक्लिस्ट आशा, मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब व उपाध्यक्ष डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के साथ प्राधिकरण के लॉन में पौधरोपण किया। इसके बाद मुख्य सचिव ने 11वें तल से शहर का नजारा देखा और ग्रीन बेल्ट विकसित करके शहर को हरा-भरा बनाने पर एलडीए की सराहाना की।

ये भी पढ़ें -लखनऊ : बृजलाल खाबरी ने BJP पर साधा निशाना, कहा - सरकार की नाकामियों का परिणाम भुगत रही जनता

संबंधित समाचार