बदायूं: उसहैत में दो महिलाओं की हत्या, तेजाब डालकर जलाया चेहरा
ककराला/ उसहैत, अमृत विचार। उसहैत इलाके में मंगलवार को दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। दो महिलाओं की हत्या करने के बाद दोनों के शव अलग-अलग पॉलीथीन में लपेटकर ग्राम नौली से बची को जाने वाले मार्ग किनारे गड्ढे में फेंक दिए गए। हत्यारों ने उनकी पहचान छिपाने के लिए तेजाब डालकर दोनों के चेहरे जला दिए। घटना का पता लगने पर एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने मौका मुआयना किया। देर शाम तक उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी। बची गांव के प्रधान सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
उसहैत इलाके के ग्राम बारी खेड़ा निवासी पुजारी रामपाल सिंह कश्यप गांव के बाहर खेत पर मठिया बनाकर रहते हैं। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वह ग्राम नौली-बची रोड पर पशु चराने गए थे। इसी दौरान उन्होंने रोड किनारे गड्ढे में पॉलीथिन में लिपटी हुई दो लाश पड़ी देखीं।
इनमें एक महिला का हाथ पॉलीथिन से बाहर निकला हुआ था, जिससे वह डर गए। रामपाल सिंह ने इसकी जानकारी बची के प्रधान सुरेंद्र सिंह यादव को दी। प्रधान की सूचना पर उसहैत थाना प्रभारी राजेंद्र बहादुर सिंह मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने देखा तो दोनों लाश महिलाओं की थीं, जिनमें एक काले और दूसरी पीले रंग की पॉलीथिन में लिपटी हुई थीं।
पॉलिथीन खोलकर देखा तो दोनों के चेहरे तेजाब से जले हुए थे, जिससे पहचान में नहीं आ रहे थे। पुलिस के मुताबिक दोनों महिलाओं की उम्र लगभग 35 वर्ष होगी। इस बीच मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने शव की शिनाख्त नहीं की।
पुलिस के मुताबिक शव लगभग दो दिन पुराने लगते हैं। पहचान छिपाने के लिए दोनों महिलाओं के चेहरे और शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ डाला गया है, जिससे चेहरे काले पड़ गए। इस बीच पहुंची फारेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। एसएसपी ने घटना के खुलासे को एसहैत पुलिस के साथ एसओजी को भी लगाया है।
यह भी पढ़ें- रामपुर : धान रोपाई करने गए तीन किशोरों समेत छह की हालत बिगड़ी
