पीलीभीत: मां ने कहा- बहू को छोड़ या कहीं डूबकर मर जा.. तीन साल बाद भी नहीं लौटा बेटा, जानिए पूरा मामला
पीलीभीत, अमृत विचार। पत्नी को न छोड़ने से नाराज मां ने बेटे से कहीं जाकर नदी नाले में डूबकर मरने की बात कह दी। इसके बाद बेटा घर से ऐसा गया कि तीन साल बाद भी कुछ पता नहीं लग सका। इधर, पत्नी ने पति की हत्या की आशंका जताई है। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ अपहरण, गाली गलौज और धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्राम बड़ेपुरा के निवासी उर्मिला देवी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी आठ साल पहले गांव उगनपुर निवासी रामचरन के पुत्र तोताराम उर्फ संजय से हुई थी। ससुराल वालों का व्यवहार उसके साथ ठीक नहीं था। सास पति से कहती थी कि पीड़िता को छोड़ दे और दूसरी शादी कर ले।
सास ने लॉकडाउन के वक्त वर्ष 2020 में यह कहा कि पत्नी को छोड़ दे वरना उन्हें दोबारा मुंह न दिखाए। उस वक्त पीड़िता अपने मायके में थी। इसके बाद पति गुस्से में घर से चले गए। अब तक वापस नहीं आए हैं। यह भी आशंका जताई कि पति की उसके बहनोई ने हत्या कर दी है। इसकी शिकायत उसी वक्त पुलिस से की गई लेकिन अनसुना कर दिया गया। उसके बाद कोर्ट की शरण ली गई। तब जाकर अब रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ये भी पढे़ं- पीलीभीत: कोचिंग नहीं पढ़ी तो विद्यार्थियों को कर रहे फेल, प्राइवेट कॉलेज में ये कैसा खेल!
