उप्र में 1 अक्टूबर से शुरू होंगे खेल प्रशिक्षण शिविर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा है कि कोविड-19 महामारी की स्थिति सामान्य होने पर आगामी 1 अक्टूबर से खेल प्रशिक्षण शिविर शुरू कराए जाएं। युवा कल्याण एवं खेल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेन्द्र तिवारी ने कहा कि कोविड-19 महामारी की स्थिति सामान्य होने पर आगामी 1 अक्टूबर से खेल प्रशिक्षण शिविर शुरू होंगे। उन्होंने कहा …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा है कि कोविड-19 महामारी की स्थिति सामान्य होने पर आगामी 1 अक्टूबर से खेल प्रशिक्षण शिविर शुरू कराए जाएं। युवा कल्याण एवं खेल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेन्द्र तिवारी ने कहा कि कोविड-19 महामारी की स्थिति सामान्य होने पर आगामी 1 अक्टूबर से खेल प्रशिक्षण शिविर शुरू होंगे।
उन्होंने कहा कि इससे पहले प्रशिक्षण कार्यक्रम अप्रैल से प्रारंभ होकर 31 जनवरी तक चलता रहा है, लेकिन कोरोना महामारी के कारण प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थगित है। इसलिए प्रशिक्षण कार्यक्रम की अवधि को बढ़ाकर मार्च तक किया जाए। तिवारी ने बुधवार को यहां सचिवालय स्थित अपने कार्यालय खेल विभाग की समीक्षा के दौरान कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ न होने कारण प्रशिक्षकों को भी मानदेय नहीं मिल पा रहा है। प्रशिक्षण की अवधि बढ़ाए जाने से प्रशिक्षकों को पूरे प्रशिक्षण अवधि का मानदेय प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के इच्छुक अभ्यर्थियों को खेलो इण्डिया एप पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कोरोना महामारी के लिए जारी केंद्र एवं राज्य सरकार की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि खेल विभाग द्वारा प्रशिक्षण के लिए जो भी सेवाएं लेनी है, वह शासनादेश के अनुरूप जेम पोर्टल से ली जाएं।
मंत्री ने समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेल विभाग द्वारा संचालित इंस्टीट्यूशन को और अधिक बेहतर बनाया जाए। ‘एक जिला-एक खेल’ परिकल्पना को साकार करने के लिए रणनीति बनाकर तेजी से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां स्टेडियम के निर्माण का कार्य चल रहा है, उसको तय समय-सीमा के अन्दर पूरा कराया जाए। विभागीय अधिकारी सभी निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करें।
तिवारी ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में स्थापित स्टेडियम तथा ग्रमीण अंचल के मिनी स्टेडियम का उच्चीकरण किए जाने के लिए विस्तृत कार्य योजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अखाड़े एवं व्यायामशाला को काफी महत्ता रही है। पूरे प्रदेश के अखाड़ा एवं व्यायामशाला की जमीन को चिहिन्त किया जाए। इनका पुनरूद्धार कराया जाय। बैठक में प्रमुख सचिव, खेल कल्पना अवस्थी, निदेशक खेल डा आरपी सिंह सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
