गोंडा : तालाब में उतराता मिला बुजुर्ग का शव, जांच में जुटी पुलिस
धानेपुर थाना क्षेत्र के बाबूरामपुरवा गांव की घटना
धानेपुर/ गोंडा, अमृत विचार। धानेपुर थाना क्षेत्र के बाबूराम पुरवा गांव के बाहर स्थित तालाब में बुधवार की सुबह एक बुजुर्ग का शव उतराता पाया गया। शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नगर पंचायत धानेपुर क्षेत्र के जैनपुरवा के रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग शिवनारायन के पास कोई औलाद नहीं थी। उन्होने अपने साढ़ू के लड़के समयदीन को गोद ले रखा था और उसी के साथ रहते थे। शिवनरायन राजगीर का काम करते थे। मंगलवार को वह किसी काम से धानेपुर बाजार गये थे। लेकिन देर शाम वह घर नहीं लौटे। घरवाले रात भर उनकी तलाश करते रहे।
बुधवार की सुबह बाबूराम पुरवा गांव के बाहर स्थित तालाब में एक शव उतराता दिखाई पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला। जानकारी मिलने पर समयदीन भी मौके पर पहुंचा और उसने मृतक की पहचान अपने मौसा शिवनारायन के रुप में की। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष ब्रह्मानंद सिंह ने बताया कि शिवनारायन का शव तालाब में मिला है। परिवार वालों को कोई शिकायत नहीं है। शव को पोस्टमार्टम भेजा गया है।
ये भी पढ़ें -गोंडा : गला दबाकर की गयी थी विवाहिता की हत्या, PM रिपोर्ट में हुआ खुलासा
