अयोध्या : वंदे भारत ट्रेन का संचालन 9 जुलाई से शुरु, दो घंटे में तय होगी अयोध्या सेे लखनऊ की दूरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या । आखिरकार हवा से बात करने वाली हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत के संचालन की तिथि की घोषणा हो ही गई। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोरखपुर से इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 9 जुलाई से वंदे भारत का संचालन रेगुलर हो जाएगा। इसके साथ ही गोरखपुर-अयोध्या-लखनऊ के बीच समय की दूरी कम हो जाएगी। अयोध्या से लखनऊ अब महज दो घंटे तीन मिनट में पहुंचा जा सकेगा। इसका ठहराव अयोध्या कैंट स्टेशन पर नहीं होगा।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार के मुताबिक 7 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 3 बजकर 40 मिनट पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उस दिन सहजनवा, खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, अयोध्या, बाराबंकी से होते हुए रात 8 बजकर 30 मिनट पर लखनऊ पहुंचेगी। पहले दिन इन सभी स्टेशनों पर ट्रेन का स्वागत किया जायेगा। सप्ताह में शनिवार को छोड़कर छह दिन इसका संचालन होगा। वंदे भारत ट्रेन 9 जुलाई से नियमित चलने लगेगी।

सुबह 6 बजकर 5 मिनट पर गोरखपुर से रवाना होगी। 6  बजकर 52 मिनट पर बस्ती पहुंचेगी और वहां से 6 बजकर 54 मिनट पर रवाना होकर 8 बजकर 15 मिनट पर अयोध्या धाम स्टेशन पहुंचेगी। यहां से 8 बजकर 17 मिनट पर छूटने के बाद ट्रेन 10 बजकर 20 मिनट पर लखनऊ पहुंचेगी। इसी तरह से लखनऊ से शाम 7 बजकर 15 मिनट पर ट्रेन चलेगी और रात 9 बजकर 13 मिनट पर अयोध्या पहुंचेगी। दो मिनट के ठहराव के बाद 10.30 बजे बस्ती और यहां भी दो मिनट के ठहराव के बाद रात 11 बजकर 25 मिनट पर वापस गोरखपुर पहुंचेगी।

ये भी पढ़ें -  अयोध्या : घेराव को निकले भाकियू कार्यकर्ता हिरासत में, रोके जाने पर हुई धक्का-मुक्की

संबंधित समाचार