हरदोई : बेदर्दी से खींच कर फेंके जा रहे हैं आश्रय स्थल में बे-मौत मर रहे गोवंश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहर ग्राम पंचायत के कंडौहना के आश्रय स्थल ने खोला काला चिट्ठा

हरदोई, अमृत विचार। चारा और पानी न मिलने से बेज़ुबान गोवंश बे-मौत मर रहें हैं, फिर भी सरकारी दावा किया जाता है कि सूबे के आश्रय स्थलों में गोवंशों के लिए पुख्ता बंदोबस्त किया गया है। टड़ियावां ब्लाक की ग्राम पंचायत बहर के मजरा कंडौहना में बनें आश्रय स्थल की कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आई है, जिन्होंने आश्रय स्थल का सारा काला चिट्ठा खोल कर रख दिया है। भूख और प्यास के चलते वहां बंद किए गए गोवंश बे-मौत मर रहें हैं और तो और दफन करने के बजाय उन बेज़ुबानों को ट्रैक्टर से खींच कर इधर-उधर फेंका जा रहा है। आश्रय स्थल के ज़िम्मेदारों की करतूत का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेज़ी से वायरल हो रहा है। 

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो टड़ियावां ब्लाक के बहर के मजरा कंडौहना का बताया गया है। गांव के कीचड़ वाले रास्ते से हो कर निकल रहे ट्रैक्टर के पीछे मरे हुए गोवंश को बांध कर उसे खींचते हुए ले जाया जा रहा है। पूछने पर ट्रैक्टर चला रहे युवक ने बताया कि प्रधान ने उससे इसे फेंकने के लिए अपना ही ट्रैक्टर दिया। लेकिन वहीं पर जब प्रधान अंकित वर्मा से बात की गई तो उन्होंने छूटते ही इस सारे मामले के लिए उसी युवक को ज़िम्मेदार बताया जो कह रहा था कि प्रधान ने उससे ऐसा करने को कहा, प्रधान का कहना है कि उन्होंने उठा कर ले जाने की बात कही थी। 

गोवंश को खींच कर ले जा रहे ट्रैक्टर का पीछा किया गया तो जहां पर वह रुका, वहीं पर और भी कई मरे हुए गोवंश पड़े हुए थे। इससे पता चलता है कि मरने वाले गोवंशों के साथ किस तरह का बर्ताव किया जा रहा है। जबकि सरकार ने दो टूक लहजे में कह रखा है कि आश्रय स्थल में बंद होने वाले गोवंशों के साथ किसी भी तरह का कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके लिए चारा-पानी का पुख्ता बंदोबस्त किया जाए। 

ये भी पढ़ें -हरदोई : बेगारी करा रहे हेड मास्टर ने छात्र को जड़ा थप्पड़

संबंधित समाचार