रुद्रपुर: एग्रीमेंट न होने से रुद्रपुर-काठगोदाम फोरलेन का काम अटका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। कांट्रेक्टर के साथ एग्रीमेंट और अन्य कागजी कार्रवाई पूरी नहीं होने से रुद्रपुर से काठगोदाम फोरलेन का 13 किमी. तक बचा शेष कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पा रहा है। कार्य अधूरा पड़ा होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अधिकारियों के अनुसार कांट्रेक्टर के साथ जैसे ही एनएचएआई मुख्यालय का अनुबंध होगा तो फोरलेन का निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा।

दरअसल, अक्तूबर 2017 में रुद्रपुर से काठगोदाम तक 6 करोड़ 50 लाख की लागत से 49 किमी. तक फोरलेन का निर्माण कार्य भी शुरू किया था। 35 किमी. तक का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन साढ़े 13 किमी. का काम शेष बचा हुआ है। बीच में कभी कोरोना संक्रमण तो कभी कंस्ट्रक्शन कंपनी का बजट खत्म होने के कारण निर्माण कार्य बीच में रुक गया था।

कई बार कंस्ट्रक्शन कंपनी के दबाव के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ तो एनएचएआई मुख्यालय ने गुजरात की कंस्ट्रक्शन सद्भाव से अनुबंध खत्म कर दिया और फिर नई कंस्ट्रक्शन कंपनी की तलाश शुरू कर दी थी। नई कंस्ट्रक्शन कंपनी को टेंडर मिला तो निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है।
एनएचएआई अधिकारियों ने पहले जनवरी 2024 के अंत तक यह निर्माण कार्य पूर्ण होने का दावा किया था, लेकिन विगत माह टेंडर होने के बाद अभी तक कांट्रेक्टर के साथ एग्रीमेंट नहीं हुआ है। इस कारण तय समय पर यह कार्य पूर्ण होना संभव नजर नहीं आ रहा है। हालांकि, एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार जल्द ही फोरलेन का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। वहीं, इसके बन जाने के बाद उत्तर प्रदेश से आने वाले पर्यटकों को नैनीताल समेत कुमाऊं के अन्य पर्यटन स्थलों को जाने में आसानी होगी। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार इस फोरलेन के निर्माण कार्य पर 200 करोड़ रुपये खर्च होंगे।


कांट्रेक्टर के साथ एग्रीमेंट और अन्य कागजी कार्रवाई पूरी होनी है। यह प्रक्रिया मुख्यालय स्तर पर चल रही है। जल्द ही यह कार्रवाई पूरी होगी और रुद्रपुर से काठगोदाम तक फोरलेन का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
-मीनू, मैनेजर, एनएचएआई

संबंधित समाचार