बिजनौर अस्थाई जेल से चार कैदी फरार, दो को दबोचा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर, अमृत विचार। बिजनौर की अस्थाई जेल से गुरुवार की सुबह चार बंदी फरार हो गए। हालांकि एक को जेल के पास ही भागते हुए पकड़ लिया गया, जबकि दूसरे कैदी को कोतवाली देहात के पास से पकड़ लिया गया। दो का अभी पता नहीं चल सका है। बंदियों के फरार होने पर जिले में …

बिजनौर, अमृत विचार। बिजनौर की अस्थाई जेल से गुरुवार की सुबह चार बंदी फरार हो गए। हालांकि एक को जेल के पास ही भागते हुए पकड़ लिया गया, जबकि दूसरे कैदी को कोतवाली देहात के पास से पकड़ लिया गया। दो का अभी पता नहीं चल सका है। बंदियों के फरार होने पर जिले में पुलिस अलर्ट हो गई। सभी सड़कों पर नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी गई है। वहीं बिजनौर एसपी ने सभी आला अफसरों के साथ अस्थाई जेल का जायजा लिया। दरअसल, ये चारो कैदी आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेजे गए थे।

गुरुवार की सुबह 6:30 बजे अस्थाई जेल की छत पर जाने के लिए चार बंदियों ने सीढ़ियों का दरवाजा तोड़ डाला जिसकी सुरक्षाकर्मियों को भनक तक नहीं लगी। छत पर पहुंचकर अस्थाई जेल के पास मौजूद पेड़ पर चढ़कर चारों बंदी जेल से भाग गए। एक बंदी संजू पुत्र बाबू निवासी दौलताबाद को पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया जबकि दूसरे बंदी अक्षय को कोतवाली देहात के पास से पकड़ लिया गया है। साथ ही दो कैदी भागने में सफल रहे।

आपको बता दें कि पकड़ा गया बंदी संजू 29 अगस्त को आर्म्स एक्ट की धाराओं में थाना कोतवाली देहात से जेल आया था। वहीं दूसरा पकड़ा गया बंदी अक्षय उर्फ गोलू पुत्र होशियार सिंह निवासी सूजापुर टांडा माईदास थाना नगीना देहात को चोरी और आर्म्स एक्ट की धाराओं में थाना नगीना देहात पुलिस द्वारा 28 अगस्त को अस्थाई कारागार लाया गया था। भागने वाले कुलबीर निवासी अफजलपुर और फरमान पुत्र निसार अहमद निवासी राजा कॉलोनी कोतवाली देहात की तलाश की जा रही है।

फरार हुआ बंदी फरमान 26 अगस्त को थाना कोतवाली देहात से आर्म्स एक्ट की धाराओं में जेल गया था। वहीं अक्षय और कुलबीर थाना नगीना देहात से चोरी और आर्म्स एक्ट की धाराओं में जेल भेजे गए थे। दोनों बंदियों के फरार होने से पूरे जिले में अलर्ट कर दिया गया है। सभी थाना क्षेत्रों में जिले भर की सड़कों पर नाकेबंदी कर चेकिंग की जा रही है।

वहीं एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने बताया की फरार कैदियों की तलाश करने के लिए चार टीमे बनाई गई हैं। फरार कैदियों पर 25 हजार का ईनाम भी घोषित कर दिया गया है। जल्द ही दोनों फरार कैदियों को भी पकड़ लिया जाएगा।

 

 

 

संबंधित समाचार