अयोध्या: सीवर लाइन डालने के बाद भी खुले छोड़ दिए गड्ढे, रोज लगता है घंटो जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या/अमृत विचार। 13 किलोमीटर के रामपथ का जो हाल है सो तो है ही जिम्मेदारों ने रीडगंज फ्लाईओवर के नजदीक सीवर डालने के लिए खोदाई में बड़ी लापरवाही बरती। कई सप्ताह की खोदाई की और फिर सीवर डाल गड्डे खुले छोड़ चले गए। नतीजा आने-जाने वालों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना घंटों जाम लग रहा है वह अलग से।

बता दें कि पखवारे भर पहले रीडगंज फ्लाईओवर के निकट सीवर डालने के लिए खोदाई का कार्य शुरू किया गया है। सप्ताह भर तक चली खोदाई के दौरान रीडगंज से होकर देवकाली जाना दुरुह हो गया है। जैसे - तैसे आवागमन जारी था, अब इधर सीवर लाइन बिछाने का काम कर रही एजेंसी ने खोदे गए गड्डे में सीवर के पाइप तो डाल दिए लेकिन पटाई छोड़ दी। 

एजेंसी के जिम्मेदारों को इतनी भी सुधि नहीं आई कि अति व्यस्त हो चुकी इस सड़क पर खोदे गए गड्डे पाट दिए जाते। इस लापरवाही भरे काम के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पैदल और बाइक से आने जाने वालों के लिए खुले गड्डे खतरा बन गए हैं। खोदी गई मिट्टी इधर-उधर पसरी है जिसके कारण बरसात में इस सड़क पर चलना दूभर हो रहा है। 

इधर स्कूल खुल जाने से साइकिल और ई- रिक्शा से आने - जाने वाले बच्चों के लिए खोदे गए गड्डे कभी भी संकट का सबब बन सकते हैं। बता दें कि इस रोड पर गुलाबबाड़ी मैदान में प्रत्येक गुरुवार बाजार भी लगती है जिसमें भारी संख्या में महिलाएं खरीदारी करने आतीं हैं। इसके बाद भी सीवर खोदाई करने वालों को कोई चेतना नहीं आई। इसी के कारण अब रोजाना जाम भी लग रहा है।

रामपथ पर भी पड़े हुए हैं मिट्टी के ढेर
सहादतगंज से अयोध्या नयाघाट तक बन रहे रामपथ पर भी जगह - जगह खोदाई के बाद मिट्टी के ढेर लगे हैं। एक दिन के बाद मिट्टी किनारे नहीं की गई जिसके कारण लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ रहीं हैं। नहरबाग के बाद अंगूरीबाग और गुदड़ीबाजार तक कई स्थानों पर ऊंचे - ऊंचे मिट्टी के ढेर लगे हैं।

ये भी पढ़ें -गोरखपुर को मिलेगी 'वंदे भारत' की सौगात, दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर PM मोदी करेंगे रवाना

संबंधित समाचार