प्रयागराज : सात हाईकोर्ट को मिलेंगे नए मुख्य न्यायाधीश

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

प्रयागराज, अमृत विचार। भारत के मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति संजय किशन कॉल और न्यायमूर्ति संजीव खन्ना की अध्यक्षता में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति देवेंद्र उपाध्याय को बाम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की है। 

कॉलेजियम ने कहा कि न्यायमूर्ति उपाध्याय को न्याय देने में 11 साल का अनुभव  प्राप्त है। यह 21 नवंबर 2011 को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में न्यायाधीश के रूप में नियुक्त हुए। नागरिक और संवैधानिक मामलों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है। बाम्बे हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति आर डी धानुका की सेवानिवृत्ति के कारण 30 मई 2023 को न्यायमूर्ति उपाध्याय के नाम की सिफारिश की गई थी। यह हाईकोर्ट में तीसरे वरिष्ठतम न्यायाधीश हैं। यह नियुक्ति उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया ज्ञापन के अनुसार है, जो यह प्रावधान करता है कि मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति योग्यता और सत्य निष्ठा के अधीन वरिष्ठता के आधार पर की जाती है। इसके अलावा इलाहाबाद हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल को भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए गुजरात हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। उन्होंने भारतीय कानून में कई महत्वपूर्ण निर्णय दिए हैं।

वर्ष 1989 में अवध विश्वविद्यालय से कानून में स्नातक करने के बाद 16 दिसंबर 1990 को एक अधिवक्ता के रूप में उन्होंने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में प्रैक्टिस शुरू की।इसके बाद उन्हें 21 नवंबर  2011 को अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया और 6 अगस्त 2013 को उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट में स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। 

मालूम हो कि कॉलेजियम ने मुंबई, गुजरात, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, मणिपुर, ओडिशा और केरल के उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की सिफारिश की है। इसी क्रम में न्यायमूर्ति आशीष जे देसाई को केरल हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में,उड़ीसा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति सुभासिस तालापात्रा को, मणिपुर हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति सिद्धार्थ मृदुल को तथा आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति धीरज सिंह ठाकुर के नाम की संस्तुति की गई है। अंत में तेलंगाना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति आलोक अराधे के नाम की सिफारिश की गई है।

ये भी पढ़ें -‘गंभीर मुद्दा’ शिक्षण संस्थानों में भेदभाव, UGC बताए निरोधात्मक कदमों के बारे में : सुप्रीम कोर्ट

संबंधित समाचार